मुरादाबाद में तेंदुओं के बढ़ते हमलों को देख ग्रामीण खेतों पर समूह में जाने लगे हैं। लेकिन इसके बावजूद भी आदमखोर के हमले थम नहीं रहे हैं। मंगलवार को बहापुर बलिया गांव में जब तेंदुए ने खेत में काम कर रहीं मिथिलेश पर हमला किया तो उस समय उनके पति समेत आसपास नौ लोग थे। 18 अगस्त को इसी गांव में जब ब्रह्मो देवी पर हमला किया था तब भी बीस लोग आसपास थे। लेकिन आदमखोर तेंदुआ फिर भी नहीं घबराया।
तेंदुआ गर्दन पकड़ता है और श्वांस नली काट देता है। तीन अगस्त से 25 अगस्त तक तेंदुए ने तीन महिलाओं की जान ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक तीनों की ही गर्दन पकड़ी और श्वांस नली तोड़ डाली। ठाकुरद्वारा को तेंदुआ प्रभावित क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। इस इलाके के 36 गांव ऐसे हैं जहां तेंदुआ अक्सर आबादी या जंगल में नजर आता है। वन विभाग भी इन गांवों में जाकर लोगों को जागरूक कर रहा है कि समूह बनाकर खेतों पर जाएं। शोर करते रहें।
2 of 12
मुरादाबाद में तेंदुए का आतंक
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
तेंदुओं की बढ़ती दहशत के बीच ग्रामीणों ने समूह बनाकर जाना भी शुरू कर दिया है। लोग अब अकेले खेतों पर जाने से बच रहे हैं। लेकिन तेंदुए फिर भी नहीं डर रहे। बाहपुर बलिया गांव निवासी बृजपाल सिंह ने बताया कि खेत पर नौ लोग थे। लेकिन तेंदुए ने फिर भी मिथिलेश पर हमला कर दिया । दीवान सिंह और नन्हें सिंह ने बताया कि सभी पास-पास खड़े थे। ऐसा भी नहीं है कि कोई दूरी रही हो। तेंदुए ने मिथिलेश की गर्दन पकड़ ली थी और खेत के भीतर ले जाने लगा था। जब लोग दौड़े तो वह छोेड़कर भाग गया। लेकिन तब तक मौत हो गई थी।
3 of 12
मुरादाबाद में तेंदुए का आतंक
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
काट दी थी श्वांस नली, सिर और गर्दन पर थे जख्म
एटा में तैनात सिपाही रोहित कुमार की मां मिथलेश देवी की श्वांस नली तेंदुए ने काट दी थी। सिर और गर्दन पर आठ हमले किए थे। मंगलवार की शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। ठाकुरद्वारा के बाहपुर बलिया निवासी 45 वर्षीय मिथलेश अपने पति बृजपाल और गांव की अन्य महिलाओं और लोगों के साथ खेत से चारा लेने गईं थीं। तेंदुए के डर के कारण सभी लोग ग्रुप बनाकर गए थे बावजूद इसके तेंदुए ने मिथलेश पर हमला कर दिया था। मिथलेश अन्य महिलाएं और अपने पति के साथ चारा जुटा रही थीं। इसी दौरान तेंदुए ने हमला कर दिया और महिला की गर्दन दबा ली।
4 of 12
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा इलाके में तेंदुए का आतंक
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
महिला की चीख पुकार सुनकर आस-पास पति और अन्य लोग पहुंचे लेकिन तब तक तेंदुआ महिला की जान ले चुका था। पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि मंगलवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम किया गया। जिससे पता चला कि तेंदुए ने महिला की श्वांस वाली नली दबा ली थी और गर्दन के अलावा सिर पर हमला किया था। सिर और गर्दन पर चोटों के आठ निशान मिले हैं।
5 of 12
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा इलाके में तेंदुए का आतंक
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गर्दन पर मोटा कपड़ा बांधकर जाएं लोग
लगातार बढ़ते हमलों के बीच वन विभाग के अफसर लोगों को बता रहे हैं कि जब भी खेतों पर जाएं तो मोटा कपड़ा गर्दन पर बांधकर जाएं। क्योंकि तेंदुआ गर्दन ही पकड़ रहा है। जब कपड़ा मोटा होगा तो उसके दांत श्वांस नली तक नहीं पहुंच सकेंगे। डीएफओ डा. विनय कुमार सिंह का कहना है कि तेंदुआ गर्दन ही पकड़ता है। इसलिए लोगों को सलाह दी जाती है कि खेतों पर काम करते समय गर्दन पर मोटा कपड़ा पहने रहें।