डिडौली थानाक्षेत्र में चौधरपुर ओवरब्रिज के निकट हाईवे पर शनिवार दोपहर रोडवेज बस और ट्रक में भिड़ंत हो गई। हादसे में 24 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों को टीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सात यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। रोडवेज बस दिल्ली से हल्द्वानी जा रही थी। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
भीषण हादसा: गलत दिशा में घुसे ट्रक से हुई भिड़ंत, 24 यात्री घायल
शनिवार की दोपहर यात्रियों से भरी हापुड़ डिपो की बस दिल्ली से हल्द्वानी जा रही थी। करीब साढ़े 12 बजे जैसे ही बस डिडौली कोतवाली क्षेत्र के चौधरपुर ओवरब्रिज के निकट पहुंची। तभी चौधरपुर में बजरपुट उतार कर गलत दिशा से आ रहे ट्रक से जबरदस्त भिड़ंत हो गई। आमने सामने की धमाकेदार टक्कर से यात्रियों में चीखपुकार मच गई। चीखपुकार सुनकर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर शरद मलिक भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल यात्रियों को बस से बाहर निकाला और मुरादाबाद के टीएमयू में भर्ती कराया गया। दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में करीब दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए। जिसमें सात यात्रियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे में ट्रक का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मुरादाबाद और दिल्ली के आने वाले वाहनों की लंबी लाइन लगने से जाम जैसे स्थिति बन गई।
यह लोग हुए घायल
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के चौधरपुर हाईवे पर हादसे में नैनीताल निवासी जगतराम, गौरी, चारू और डोली, हल्द्वानी निवासी छम्मन लाल, रमेश, केला देवी और मनोज, बस्ती निवासी प्रमोद कुमार, दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी सौरभ, कांति देवी, डालचंद, रुद्रपुर निवासी सपना सरकार, आनंद सागर, सुशील सरकार, निहाल, किशोर और जागेश्वर, पिथौरागढ़ निवासी कृष्णा, जीवी जोशी, गोविंद बल्लभ, चौधरपुर डिडौली निवासी मोहम्मद दीन आबिद बरेली निवासी बाबूराम और कमलेश, रामपुर निवासी प्रीति, पीलीभीत निवासी संतोष और रोडवेज डिपो का परिचालक कृष्ण कुमार निवासी हापुड़ समेत कई यात्री घायल हो गए।
हादसे के बाद लगा जाम
डिडौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौधरपुर ओवरब्रिज के निकट रोडवेज और ट्रक की टक्कर के बाद हाईवे पर जाम लग गया। दिल्ली और मुरादाबाद से आने-जाने वाले वाहनों की लंबी लाइन लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटवाकर साइड से कराया। करीब एक डेढ़ घंटे तक हाईवे जाम जैसी स्थिति बनी रही।