मेरठवासी 19 और 20 सितंबर 2026 को आसमान में ऐसा नजारा देखने जा रहे हैं, जो शहर के लिए इतिहास में पहली बार होने जा रहा है। भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (SKAT) पहली बार मेरठ में हवाई प्रदर्शन करेगी। नौ लाल-सफेद हॉक एमके-132 विमानों के साथ टीम अपने शानदार फॉर्मेशन और एरोबैटिक करतब से आसमान में रोमांच बिखेरेगी।
मेरठ में शौर्य की उड़ान: वायुसेना की सूर्यकिरण टीम रचेगी इतिहास, नौ हॉक विमान आकाश में दिखाएंगे हैरतंगेज करतब
मेरठ में 19 और 20 सितंबर 2026 को सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम पहली बार हवाई प्रदर्शन करेगी। नौ हॉक एमके 132 विमान रोमांचक करतब दिखाएंगे और तिरंगे के रंगों से आसमान सजेगा।
तिरंगे के रंगों से सजेगा मेरठ का आसमान
इस बार प्रदर्शन का एक खास आकर्षण विमानों से निकलने वाला रंगीन धुआं होगा। हॉक एमके-132 विमानों में भारतीय वायु सेना के नासिक स्थित बेस रिपेयर डिपो में विकसित किए गए स्मोक पॉड्स लगाए गए हैं। इनकी मदद से विमान आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंग के धुएं की लकीरें छोड़ सकेंगे।
1996 में बनी थी सूर्यकिरण टीम
सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम का गठन 1996 में हुआ था। टीम ने देशभर में 800 से अधिक प्रदर्शन किए हैं। इसके अलावा चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर, यूएई और दुबई के एयर शो में भी भारतीय वायु सेना की पेशेवर क्षमता का प्रदर्शन किया है।
टीम को भारतीय वायु सेना का ‘एंबेसडर’ भी कहा जाता है। सूर्यकिरण के प्रदर्शन के जरिए युवाओं को वायु सेना और रक्षा सेवाओं में करियर के लिए प्रेरित किया जाता है।
ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी करेंगे नेतृत्व
सूर्यकिरण टीम का नेतृत्व Su-30 MKI पायलट ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी कर रहे हैं। टीम के हर प्रदर्शन में सटीकता, अनुशासन, टीमवर्क और उत्कृष्टता पर जोर रहता है।
मेरठ के तीन पायलटों के लिए खास होगा प्रदर्शन
मेरठ में होने वाला यह प्रदर्शन शहर के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि टीम में मेरठ से जुड़े पायलट भी शामिल हैं। मेरठ के रहने वाले स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल और स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह को अपने ही शहर के ऊपर सूर्यकिरण फॉर्मेशन का हिस्सा बनकर उड़ान भरने का मौका मिलेगा।
वहीं टीम के सदस्य स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। अपने शहर के आसमान में सूर्यकिरण के फॉर्मेशन का हिस्सा बनना इन पायलटों के लिए भी गर्व का पल होगा।
युवाओं के लिए भी खास मौका
सूर्यकिरण का प्रदर्शन केवल हवाई करतबों और प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा। सशस्त्र बलों में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं को भारतीय वायु सेना की कार्यशैली, अनुशासन और पेशेवर मानकों को करीब से समझने का अवसर भी मिलेगा
शहरवासियों के लिए यादगार होगा 19-20 सितंबर
नौ विमान एक साथ आसमान में सटीक फॉर्मेशन बनाएंगे और तिरंगे की छटा बिखेरेंगे। मेरठ में पहली बार होने वाला यह प्रदर्शन शहरवासियों के लिए एक यादगार अनुभव बनने जा रहा है।
19 और 20 सितंबर का दिन मेरठ के लिए सिर्फ एक एयर शो नहीं, बल्कि भारतीय वायु सेना के साहस, अनुशासन और उत्कृष्टता के साथ शहर के अपने पायलटों की उपलब्धि का भी जश्न होगा।