यूपी मिल बंद होने पर गन्ना किसान ने की आत्महत्या, केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने दी सांत्वना, प्रियंका गांधी ने राज्य सरकार को घेरा
- सिसौली में बीच बाजार शव रखकर धरना देकर बैठे परिजन और ग्रामीण
- मिल प्रबंधक पर मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े
सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने मिल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तहरीर की चिक मांगी तो पुलिस ने अभी मुकदमा दर्ज न होने की बात कही। जिससे गुस्साए ग्रामीण किसान ओमपाल के शव को सिसौली के मेन बाजार के बीच रखकर धरना देकर बैठ गए।
परिजनों ने शव का दाह संस्कार करने से इंकार कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों का कहना था कि जब तक मिल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होगा तब तक दाह संस्कार नहीं किया जाएगा।
सिसौली के किसान ओमपाल (55) पुत्र फूला ने गुरुवार शाम को कस्बे के बाहर पेड़ पर लटक कर आत्महत्या कर ली थी।परिजनों का आरोप है कि किसान के खेत में अभी ढाई बीघा गन्ना खड़ा है और शुगर मिल बंद होने की घोषणा हो गई। इसी तनाव में किसान ने आत्महत्या की है।
देर रात्रि अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने शव उठने दिया था। मृतक किसान के भाई जयवीर की ओर से खतौली शुगर मिल प्रबंधन के खिलाफ भोराकलां थाने पर तहरीर दी गई थी।
परिजनों द्वारा शव का दाह संस्कार करने से इनकार करने पर एडीएम प्रशासन अमित सिंह, एसडीएम बुढ़ाना कुमार भूपेंद्र सिंह सीओ फुगाना सोमेंद्र नेगी मौके पर पहुंच गए हैं। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत भी पहुंचे। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान, क्षेत्रीय विधायक उमेश मलिक भी मौके पर पहुंच गए। आर्थिक मदद के आश्वासन के बाद सिसौली में परिजन और ग्रामीण धरना समाप्त कर किसान ओमपाल के शव का दाह संस्कार करने को सहमत हो गए।
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने 5 लाख अपनी ओर से और 5 लाख मुख्यमंत्री राहत कोष से दिलवाने का आश्वासन दिया। रालोद ने भी किसान के परिजनों को एक लाख, सपा ने भी एक लाख और भारतीय किसान यूनियन ने 50 हज़ार रुपये परिजनों को देने की घोषणा की। इसके बाद 5 घंटे से जारी धरना समाप्त हो गया।इस दौरान डीएम और एसएसपी भी मौजूद रहे।
पारिवारिक विवाद में की आत्महत्या: डीएम
डीएम सेल्वा कुमारी जे ने बताया कि किसान ओमपाल द्वारा गन्ने को लेकर आत्महत्या करने की बात परिजनों ने कही है, जो जांच में सही नहीं पाई गई। ओमपाल को 20 क्विंटल गन्ने की पर्ची जारी हुई है और आज से मिल की ओर से फ्री पर्ची भी जारी की जा रही है। डीएम का कहना है कि प्रारंभिक जांच पड़ताल में मामला भाइयों के बीच जमीन और लेनदेन और पारिवारिक विवाद का सामने आया है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।