राजधानी दिल्ली समेत यूपी और हरियाणा के 11 रेलवे स्टेशनों को उड़ाने की धमकी भरा पत्र मिलने से रेलवे महकमे के साथ प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। इस पत्र की तहकीकात जानने के लिए खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन और आसपास इलाके में चेकिंग अभियान चलाया। यात्रियों के बैग की तलाशी भी ली गई।
यूपी: धमकी भरा पत्र मिलने से हरकत में आया प्रशासन, रेलवे स्टेशनों पर हुई सघन चेकिंग
- आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन और आसपास इलाके में चेकिंग अभियान चलाया।
- पत्र की तहकीकात जानने के लिए खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एसपी अजय कुमार के मुताबिक धमकी भरे पत्र को गंभीरता से लिया गया है। रेलवे स्टेशन पर अलर्ट कर दिया गया है। साथ ही चेकिंग अभियान को नियमित तौर पर चलाने के निर्देश आरपीएफ और जीआरपी को दिए गए हैं। इस मामले की सच्चाई जानने के लिए कई जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई है। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी विशेष सतर्कता बरतते हुए बुधवार को ट्रेनों की चेकिंग और संदिग्ध यात्रियों की तलाशी अभियान चलाया। आसपास के जनपदों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
जिसे भेजा गया पत्र वह एक माह से चल रहे हैं छुट्टी पर
एसपी ने बताया कि 20 अप्रैल को मिला धमकी भरा पत्र स्टेशन मास्टर विक्रांत सरोहा के नाम से भेजा गया है। वह अस्वस्थ होने के कारण करीब एक माह से अवकाश पर हैं। उनकी अनुपस्थिति में ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों ने पत्र को साधारण समझकर खोला था।
पत्र को पढ़ते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इस पत्र पर जो पता लिखा है, उस पर विक्रांत सरोहा, रेलवे स्टेशन अधीक्षक, जिला मुजफ्फरनगर लिखा हुआ है। रेलवे अधिकारी इस संबंध में कुछ भी जानकारी देने से बच रहे हैं। एसपी ने बताया कि इस संबंध में रेलवे मुख्यालय को भी जानकारी दे दी है। रेलवे और सिविल पुलिस द्वारा गंभीर रूप से चेकिंग कराई जा रही है।
लखनऊ तक पहुंचा मामला
शामली स्टेशन पर भेजे गए धमकी भरे पत्र का मामला आरपीएफ के हेडक्वार्टर और रेलवे विभाग के माध्यम से लखनऊ और गृह मंत्रालय तक पहुंच गया है। केंद्र और प्रदेश सरकार स्तर से इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए गहनता से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
शामली में स्टेशन मास्टर को भेजा गया धमकी भरा पत्र नीली स्याही से कॉपी के लाइनदार दो पेज पर लिखा गया है। इस मामले में खुफिया विभाग भी अपने स्तर पर जांच में जुटा है।
इस तरह से लिखा है पत्र का मजमून
हे मेरे मौलाना, मुझे माफ कर, मेरे जेहादादो की मौत का बदला जरूर लूंगा। ठीक 13 मई को शामली रेलवे स्टेशन, बागपत, मेरठ, हापुड़, गजरौला, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, बरेली, दिल्ली, पानीपत, रोहतक आदि रेलवे स्टेशन को बम से उड़ा देंगे। यही नहीं हम 16 मई को इलाहाबाद के संगम मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, अयोध्या के रामजन्म भूमि, हनुमान मंदिर गाजियाबाद और दिल्ली के प्रमुख मंदिर और बस अड्डों को बम से उड़ा देंगे। बहुत जल्द उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ, दिल्ली के मुख्यमंत्री को मौत के घाट उतार देंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत को बहुत जल्द खत्म कर देंगे। खुदा हाफिज। - आतंकवादी संगठन- जैश ए मोहम्मद एरिया कमांडर मैसूर अहमद जम्मू-कश्मीर (सिंध पाकिस्तान)
धमकी भरा पत्र मिलने का मामला जानकारी में आया है। रेलवे अधिकारियों की तरफ से उन्हें यह जानकारी दी गई है। इस पत्र के बारे में आरपीएफ हेड क्वार्टर को जानकारी दे दी गई है। स्टेशन पर जीआरपी के साथ सतर्कता बरती जा रही है। - प्रांजल कुमार बोहरा, प्रभारी निरीक्षक, आरपीएफ थाना शामली।
स्टेशन मास्टर को भेजे गए पत्र की जांच चल रही है। इसे लेकर गंभीरता बरती जा रही है। रेलवे स्टेशन पर चेकिंग और ट्रेनों में संदिग्ध यात्रियों की जांच की जा रही है। - राकेश कुमार, थाना प्रभारी शामली।
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/