प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो जनवरी को मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने सलावा आ रहे हैं। पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर बड़े स्तर पर तैयारी चल रही है। वहीं भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और प्रशासनिक अधिकारी तैयारी में जुटे हैं। भाजपा विधायक संगीत सोम ने भी गुरुवार को सलावा पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से तैयारियों को लेकर जानकारी ली।पश्चिमी यूपी में बड़े खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास कर भाजपा हर वर्ग के युवाओं को जोड़ने की कोशिश कर रही है। माना जा रहा है कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है।
ऐतिहासिक कार्यक्रम की बड़ी तैयारी: दो जनवरी को मेरठ आएंगे पीएम मोदी, भाजपा कार्यकर्ताओं ने झोंकी पूरी ताकत, देखिए खास तस्वीरें
एकतरफ भाजपा की जनविश्वास यात्रा के जरिए जहां विधानसभा वार टिकट के दावेदारों का वजूद देखा जा रहा है वहीं, दूसरी तरफ भाजपा मोर्चों के सम्मेलन के जरिए लोगों को ये मैसेज दिया जा रहा है कि सभी वर्ग साथ हैं। मंगलवार को किसान मोर्चा सम्मेलन से मेरठ में मोर्चे के सम्मेलन की शुरुआत हो गई। वहीं बुधवार को अनुसूचित जाति मोर्चा सम्मेलन हुआ। गुरुवार को दोपहर साढ़े 12 बजे लालकुर्ती एसजीएम गार्डन में महिला मोर्चा का सम्मेलन रखा गया है। युवा मोर्चा का सम्मेलन 31 दिसंबर को होना था लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो जनवरी के कार्यक्रम की वजह से यह अब चार जनवरी के बाद होगा।
क्रांतिधरा पर चौथी बार आएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
दो जनवरी को सरधना के सलावा में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने आ रहे पीएम मोदी का ये मेरठ का चौथा दौरा होगा। प्रधानमंत्री बनने से पहले 2014 के चुनाव में उन्होंने पश्चिम की पहली चुनाव रैली मेरठ में ही की थी। यहीं से उन्होंने मेरठ-सहारनपुर और मुरादाबाद मंडल की 71 विधानसभा सीटों को साधा था। ये जनसभा शताब्दीनगर में हुई थी। इसके बाद प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी 2017 के विधानसभा चुनाव में मेरठ आए। उनकी दूसरी रैली भी शताब्दीनगर में हुई। इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में वे तीसरी बार मेरठ आए। यहां मोदीपुरम में सिवाया टोल के पास रैली को संबोधित किया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ये मेरठ का चौथा दौरा रहेगा। इस बार वे मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के शिलान्यास के सरकारी कार्यक्रम में आ रहे हैं। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके बाद चुनाव की घोषणा होने के बाद मुजफ्फरनगर या बड़ौत में रैली करेंगे।
पीएम से मिलने वालों को करानी होगी कोरोना जांच
सलावा में बनने वाले खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने वाले अधिकारियों, विशिष्ट लोगों और खिलाड़ियों को कोविड की 48 घंटे पहले की आरटीपीसीआर निगेटिव जांच रिपोर्ट प्रशासन को देनी होगी। नगर मजिस्ट्रेट अमित कुमार भट्ट ने बताया कि प्रधानमंत्री सलावा में 25 खिलाडियो से संवाद करेंगे। इन सभी को 48 घंटे पहले की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट दिखानी होगी। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र भेजकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पूर्व एक टीम जिला अस्पताल व एक टीम सरधना तहसील के सलावा गांव में बने सभास्थल पर तैनात कराने के लिए कहा है।