बेटियां अपनी प्रतिभा और हुनर से शहर का मान बढ़ा रही हैं। हर क्षेत्र में बेटियों का बोलबाला है। खेल, शिक्षा, नौकरी, शोध से लेकर चिकित्सा, अभिनय और मॉडलिंग की दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। कामयाबी के साथ कदमताल कर नए रिकॉर्ड बना रही हैं।
राष्ट्रीय बालिका दिवस: बेटियां बना रहीं नए रिकॉर्ड्स, वाणी ने फेस ऑफ मॉडलिंग का जीता खिताब, तस्वीरें
टिक टॉक पर तनु की अद्भुत तान
बीए सेकेंड ईयर की छात्रा तनु ने सोशल साइट पर धूम मचा रखी है। टिकटॉक पर तनु की वीडियो को 3.3 मिलियन व्यूअर्स मिल चुके हैं। सोशल साइट पर तनु की इस लोकप्रियता के चलते उन्हें कई बड़े ब्रांड की तरफ से प्रमोशन करने मौका मिल चुका है। कंकरखेड़ा के रोहटा रोड महावीरनगर की रहने वाली तनु बताती हैं कि उनको बचपन से एक्टिंग का शौक रहा। दो साल पहले तनु ने अपनी एक्टिंग की वीडियो सोशल साइट पर शेयर करनी शुरू की तो फैन बनते चले गए। तनु बन्नी शर्मा नाम से उनकी लाइक एप प्रोफाइल पर 1.4 मिलियन फैन हैं। तनु कहती हैं कि लड़कियों को आगे बढ़ने के लिए अब बहुत मौके हैं। अपने टैलेंट को छिपाने की बजाय उसको सोशल साइट के जरिए भी सामने लाकर अपना लक्ष्य पा सकते हैं। तनु एक्टिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं।
मेरठ मॉडल हंट में छाईं पूनम
गायन और अभिनय में रुचि रखने वाली पूनम को मॉडलिंग का भी शौक है। हाल में ही पूनम ने मेरठ मॉडल हंट में भाग लेकर विजेता का खिताब जीता है। पूनम कहती हैं कि सोशल मीडिया ने युवाओं को अपना टैलेंट एक्सप्लोर करने का मौका दिया है। प्रिंट, इलेक्ट्रानिक दोनों ही क्षेत्रों में मॉडलिंग का जलवा बिखेर चुकी पूनम टैलेंट ट्रेल्स सीजन 2 की विजेता भी रह चुकी हैं।
फेस ऑफ मॉडलिंग बनी वाणी
वाणी भारद्वाज ने फेस ऑफ मॉडलिंग का खिताब जीता है। सुभारती फै शन इंस्टीट्यूट से फैशन डिजायनिंग का कोर्स कर रहीं वाणी ने हाल में ही दिल्ली में हुए फैशन शो में भाग लेकर फेस ऑफ मॉडलिंग का खिताब जीता है। उनका सपना मॉडलिंग और अभिनय की दुनिया में सितारा बनकर उभरना है। घूमने और फोटोग्राफी की शौकीन वाणी को नए लोगों से मिलना और समसामयिक मुद्दों पर बात करना भी पसंद है।
मोबाइल एप से सेहत का संदेश
खून की कमी से जूझ रही महिलाओं व माताओं को राहत देने के लिए शिवी कपिल ने मोबाइल एप बनाया है। डब्लयूएचओ के साथ मिलकर शिवी कपिल विदेश में हेल्थ मोबाइल एप बनाने का काम कर रही हैं। जागृति विहार निवासी बुद्धप्रकाश कपिल उत्तराखंड पुलिस से डिप्टी एसपी पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनकी बेटी शिवी ने माताओं को अच्छी सेहत देने के लिए मोबाइल एप व उपकरणों पर काम कर रही हैं। पिछले दस सालों से शिवी विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ मिलकर इंडोनेशिया में हेल्थ इक्विपमेंट डिजायनिंग पर काम कर रही हैं। उनकी मां राजबाला कपिल हस्तिनापुर जीजीआईसी में प्रिंसिपल पद से सेवानिवृत्त हुई हैं। शिवी कपिल ने बीटेक इलेक्ट्रानिक्स कम्युनिकेशन में किया है।