पुलिस जंगल की खाक छानती रही और बदमाश पुलिस को छकाते रहे। रातभर कांबिंग कर पुलिस बदमाशों को तलाशती रही। जबकि बदमाश सुभाष को लेकर उनके आगे-आगे रहे। पुलिस के साथ परिजन फिरौती की रकम लेकर भी सुभाष को छुड़ाने के लिए बदमाशों की बताई लोकेशन पर पहुंचे, लेकिन बार-बार लोकेशन बदलकर बताई जाती रही और परिजन एवं पुलिस भागती रही। घटना उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की है। जानिए पूरा मामला।
यूपी: लोकेशन बदलकर फिरौती मांगते रहे बदमाश, प्रिंसिपल की लाश देख उड़े अफसरों के होश, तस्वीरें
गुरुवार की रात को लगभग साढ़े नौ बजे अपहरण करने के बाद बदमाश स्कूल प्रबंधक सुभाष को लेकर लगातार अपनी लोकेशन बदलते रहे। बदमाशों ने सुभाष के ही मोबाइल से परिजनों को फोन किया। पहले सुभाष से बात कराई, फिर फोन छीनकर दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। लोकेशन रामपुर मनिहारान क्षेत्र में एक स्थान की बताई, पुलिस और परिजन वहां पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला। कुछ देर बाद फोन आया और जड़ौदा पांडा की लोकेशन पर फिरौती लाने के लिए कहा, लेकिन पुलिस और परिजनों को वहां भी कोई नहीं मिला, फिर ग्राम उमरपुर के जंगल में फिरौती लेकर पहुंचने के लिए कहा गया। लेकिन पुलिस और परिजन वहां तक भी नहीं पहुंच सके। रात लगभग ढाई बजे के बाद सुभाष का फोन बंद हो गया। उसके बाद कोई फोन नहीं आया।
फिर पुलिस अंधेरे में ही जगह-जगह तलाशती रही, लेकिन तब तक बदमाश सुभाष की हत्या कर जा चुके थे। परिजनों के मुताबिक बदमाशों ने रात साढ़े दस बजे से दो बजे के बीच तीन बार सुभाष से बात कराई थी। अंतिम लोकेशन शामली के उमरपुर गांव में रही थी। इस दौरान पुलिस यदि बदमाशों तक पहुंच जाती तो शायद सुभाष को जिंदा बचाया जा सकता था।
घटना के बाद बंद हो गया बड़गांव का बाजार
पैरामाउंट पब्लिक स्कूल के प्रबंधक सुभाष की हत्या की सूचना के बाद बड़गांव कस्बे का पूरा बाजार बंद हो गया। महाराणा प्रताप चौक पर शव रखकर लगाए गए करीब डेढ़ घंटे के जाम से सड़कों पर लंबी लंबी कतारें लग गई, राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। क्षेत्र के सभी स्कूल बंद कर प्रधानाचार्य एवं अध्यापकों ने घटना के प्रति रोष प्रकट किया।
सांसद के भाई के देरी से पहुंचने पर भड़के लोग
सुभाष हत्याकांड में जाम खुलने के बाद सांसद के भाई राहुल लखनपाल थाने पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी ली और घटना का शीघ्र खुलासा करने के लिए अधिकारियों को कहा। मौके पर मौजूद लोग देरी से पहुंचे राहुल लखनपाल को देखकर भड़क उठे और रोष जताया।