Meerut Shaina Murder Case: मेरठ के लिसाड़ीगेट में बेटी शाइना उर्फ सानिया की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। हत्यारोपी पिता शाहिद ने पुलिस को बताया कि 11 अगस्त की रात को बेटी प्रेमी वसीम से मिलने के जा रही थी, तभी उसकी आंख खुल गई। उसने बेटी को पकड़ा और उसका सिर दीवार में मार दिया। वह बेहोश हो गई तो पशु काटने वाले छुरे से गर्दन काट दी। बेटी को शाहिद मार सकता है, इसका आभास मां शहनाज को पहले से था। हत्या के बाद शहनाज पति शाहिद के जुर्म को छुपाने के लिए खामोश रही।
जुर्म की ऐसी वारदात: जिसने हर किसी को चौंकाया, कातिल पिता ने उगले ऐसे राज, अफसर भी हैरान
घंटाघर स्थित एसपी सिटी कार्यालय में एसपी सिटी विनीत भटनागर और सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर लिसाड़ीगेट में हुई शाइना उर्फ सानिया की हत्या का खुलासा कर दिया। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त को युवती का सिर कटा शव लिसाड़ीगेट स्थित कब्रिस्तान के पास मिला था। पांच दिन बाद बुधवार को उसकी पहचान शाइना के रूप में हुई।
उन्होंने बताया गया कि शाइना के हत्यारोपी पिता शाहिद और साजिश में नामजद मां शहनाज को पुलिस ने मीडिया के सामने पेश किया। एसपी सिटी के मुताबिक, 11 अगस्त को शाहिद और उसकी बेटी शाइना घर पर थे। पत्नी और परिवार के अन्य लोग हापुड़ रोड पर ग्रीन हॉस्पिटल में थे, जहां पर बड़ी बेटी ने बच्ची को जन्म दिया था। पूछताछ में शाहिद ने बताया कि रात में करीब दो बजे बेटी ने घर से जाने दरवाजा खोला था, तभी उसकी आंख खुल गई। शाहिद ने बेटी की हत्या कर दी और शव कब्रिस्तान के पास और गर्दन माधवपुरम स्थित नाले में फेंक आया।
नाले से मिली गर्दन, फुटेज में शव ले जाते दिखा शाहिद
गुरुवार को पुलिस ने शाइना की गर्दन हत्यारोपी पिता की निशानदेही पर माधवपुरम स्थित नाले से बरामद कर ली। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में आरोपी बेटी के शव को ले जाते दिखाई दिया है। जिसको पुलिस ने विवेचना में शामिल किया है। पुलिस के सामने शाहिद ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया कि पिता शाहिद पर धारा 302, 201 और मां शहनाज को साजिशकर्ता धारा 120 का आरोपी बनाया है।
पत्नी से कहा था- गलती की तो आज मार दूंगा
बेटी का वसीम नाम के युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा है, इसकी जानकारी शाहिद को पहले से थी। शहनाज 11 अगस्त की शाम सात बजे बड़ी बेटी के पास अस्पताल में गई थी। घर पर बेटी शाइना और पिता शाहिद था। शाहिद ने पत्नी शहनाज से कहा था कि बेटी को समझा देना कि वह रात में गलती न करे वरना मार दूंगा। बेटी पहले भी कई बार घर छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हुई थी। इसको लेकर शाहिद उससे नाराज रहता था। शाहिद ने पुलिस को बताया कि बेटी की वजह से बदनामी हो रही थी, इसी वजह से मार डाला।