लूट और चोरी के वाहनों के कटान के लिए बदनाम सोतीगंज के कबाड़ियों की अब तक 65 करोड़ की संपत्ति कुर्क हो चुकी है। अकेले हाजी गल्ला की ही 35 करोड़ की कोठियां-गोदाम एवं अन्य संपत्ति कुर्क की गई है। मेरठ में चोरी और लूट के वाहनों का कटान करने के आरोपी हाजी गल्ला के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की गई है। उसके वेस्टर्न रोड स्थित बंगला नंबर 235 पर बने अवैध गोदाम को एएसपी ने शुक्रवार को सील कर दिया।
सोतीगंज पर शिकंजा : अब तक 65 करोड़ की संपत्ति हुई कुर्क, अकूत दौलत को ऐसे ठिकाने लगा रहे कबाड़ी
एएसपी कैंट सूरज राय ने बताया कि हाजी गल्ला की पटेलनगर स्थित कोठी और गोदाम को पहले ही कुर्क किया जा चुका है। इस संपत्ति की बाजार में कीमत करीब दस करोड़ है। वेस्ट एंड रोड पर कुर्क गोदाम की बाजार में कीमत 25 करोड़ आंकी गई है।
इस तरह हाजी गल्ला की कुल 35 करोड़ की संपत्ति कुर्क हो चुकी है। हाजी गल्ला के अलावा इकबाल कबाड़ी की पटेल नगर की कोठी, उसके बेटे अबरार का सोतीगंज में गोदाम, इरफान उर्फ राहुल काला जैसे कई कबाड़ियों की संपत्ति कुर्क हो चुकी है।
पुलिस ने नईम उर्फ हाजी गल्ला समेत 18 कबाड़ियों के बैंक खातों की जानकारी जुटाई है। पुलिस इनके खातों को सीज करने की तैयारी कर रही है। सोतीगंज पर शिकंजा कसने के बाद से कई कबाड़ी बैंकों से अपना पैसा रिश्तेदार और परिचितों को ट्रांसफर कर रहे हैं।
तीन गैंगस्टर के पास सबसे ज्यादा संपत्ति
तीन गैंगस्टर गल्ला, इकबाल और मन्नू की संपत्ति सबसे ज्यादा बताई गई है। गैंगस्टर के तहत तीनों कबाड़ियों की संपत्ति को जब्त करने के लिए पुलिस लगी है। इनकी संपत्तियों को चिह्नित किया जा रहा है।