Meerut: बदमाशों ने दरोगा के सीने में गोली मारकर साथी छुड़ाया, GPS से कार ट्रैक कर रहे थे मुन्नेश, हालत नाजुक
उत्तर प्रदेश के मेरठ में अपराधियों को न पुलिस का खौफ है न कानून का डर। सोमवार देर रात कंकरखेड़ा में दरोगा को बदमाशों ने सीने में गोली मार दी। लूटी गई कार का पीछा करने पर वारदात को अंजाम दिया गया। बताया गया कि पकड़े गए साथी को छुड़ाने के लिए गोली मारी गई।
विस्तार
मेरठ में बदमाशों ने सोमवार देर रात एक बड़ी घटना को अंजाम दिया। यहां कंकरखेड़ा क्षेत्र में बदमाशों ने एक मंडप के बाहर से कार को लूट लिया। पुलिस द्वारा जीपीएस से कार ट्रैक कर पीछा किया गया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बताया गया कि कंकरखेड़ा चौकी इंचार्ज ने एक बदमाश को पकड़ लिया लेकिन साथी को छुड़ाने के लिए बदमाशों ने दरोगा पर गोली चला दी।
बदमाशों ने पिस्टल से दरोगा के सीने में गोली मारी। इसके बाद छुड़ाए गए साथी समेत फरार होने में कामयाब हो गए। वहीं दरोगा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। दरोगा की हालत नाजुक बताई जा रही है।
मुन्नेश सिंह कसाना पुत्र दीवान सिंह ग्राम बलिकापुरा, थाना चिरहाट आगरा के रहने वाले हैं। एक साल पहले गाजियाबाद से मेरठ आए थे। गाजियाबाद में एसओ भोजपुर रहे हैं। मेरठ में बिजली बंबा चौकी इंचार्ज भी रहे हैं। जुलाई से कंकरखेड़ा की हाईवे चौकी के इंचार्ज हैं। वह पहलवान भी हैं।
बताया गया कि पुलिस ने पुलिस ने पीछा कर एक बदमाश को पकड़ लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली कंकरखेड़ा हाईवे चौकी इंचार्ज मुन्नेश कसाना के सीने में लग गई, उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए गाजियाबाद रेफर किया गया है।
वारदात की जानकारी पर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण मौके पर पहुंचे। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की चार चार टीम लगाई गई हैं। वहीं, चौकी इंचार्ज की हालत गंभीर बनी हुई है।
कंकरखेड़ा में दरोगा पर गोली चलाने वाले बदमाशों ने लिसाड़ी गेट में जाकर गाड़ी का नंबर प्लेट बदल दिया। गाड़ी पर ओरिजिनल नंबर दिल्ली का था। बदमाशों ने इसे बदलकर यूपी 15 नंबर डाल दिया।