मेरठ में चोरी-लूट के वाहन काटने में बदनाम सोतीगंज दूसरी जगह शिफ्ट हो सकता है। अधिकांश कबाड़ी सोतीगंज से दुकान और गोदाम खाली कर सामान को खैरनगर और जली कोठी में खपा रहे हैं। रविवार रात को वाहनों के पुराने पार्ट्स से लदे वाहन को देहलीगेट पुलिस ने पकड़ लिया। खैरनगर और जली कोठी में नया ‘सोतीगंज’ न बन जाए, इसको लेकर लोगों में खूब चर्चा हो रही है।
मेरठ: दनादन खाली हो रहा है देश भर में बदनाम वाहन कमेला, अब सता रहा नए 'सोतीगंज' का डर
टायर बेचने की कई दुकान खुली
खैरनगर और बच्चा पार्क पर गाड़ियों के पुराने टायर बेचने के लिये कई नई दुकानें खुली हैं। चर्चा है कि सोतीगंज का सामान नई दुकानों में खपाया जा रहा है। पहले टायरों की दुकान और फिर गाड़ियों के अन्य पार्ट्स बेचने का धंधा शुरू हो सकता है। पुलिस ने नई दुकानों की जानकारी मांगी है।
कबाड़ियों के बैंक खाते होंगे सीज
पुलिस ने नईम उर्फ हाजी गल्ला समेत 18 कबाड़ियों के बैंक खातों की जानकारी जुटाई। पुलिस इनके खातों को सीज करने की तैयारी कर रही है। सोतीगंज पर शिकंजा कसने के बाद से कबाड़ी बैंकों से अपना पैसा रिश्तेदार और परिचितों को ट्रांसफर कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बहादुरों का गांव है मेरठ का बहादरगढ़: यहां अपराध का नहीं नामोनिशान, थाने के रिकॉर्ड में दर्ज है केवल एक केस
गैंगस्टर गल्ला, इकबाल और मन्नू की संपत्तियों पर नजर
तीन गैंगस्टर गल्ला, इकबाल और मन्नू की संपत्ति सबसे ज्यादा बताई गई है। गैंगस्टर के तहत तीनों कबाड़ियों की संपत्ति को जब्त करने के लिए पुलिस लगी है। इनकी संपत्तियों को चिह्नित किया जा रहा है।
देर रात जीरो माइल से एसओजी ने कबाड़ी को उठाया
बेगमपुल जीरो माइल पर भाजपा का झंडा लगी स्कॉर्पियो में एक कबाड़ी बैठा हुआ था। इसी दौरान एसओजी टीम पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया व कार को कब्जे में ले लिया। आरोपी को लेकर टीम एसपी क्राइम कार्यालय में पहुंची। बताया जा रहा है कि उस पर कई मुकदमे दर्ज हैं। इंस्पेक्टर लालकुर्ती बताया कि कबाड़ी से पूछताछ की जा रही है। चोरी और लूट के वाहनों का कटान करने का आरोप कबाड़ी पर है।