आशीष हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित परिवार और गुर्जर समाज के लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। मृतक युवक बसपा नेता की हत्या मामले में आरोपी था। इस सनसनीखेज घटना से इलाके में दहशत बनी हुई है। वहीं तनाव को देखते हुए गांव में कई थानों की पुलिसफोर्स को तैनात किया गया है।
इसी बीच मृतक आशीष गुर्जर का एक वीडियो सॉन्ग यूट्यूब पर काफी वायरल हो रहा है। 'बदमाशी' नाम से यह सॉन्ग यूट्यूब पर मार्च में अपलोड किया गया था। इस वीडियो को अभी तक सात हजार लोगों ने लाइक किया हैं। आगे तस्वीरों में देखिए आशीष गुर्जर का अंदाज:-
दरअसल, युवक आशीष गुर्जर की मौत के बाद यूट्यूब पर एक वीडियो इन दिनों काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में शोभापुर का एक युवक देसी रैप करता नजर आ रहा है। वीडियो की खास बात यह है कि इस देसी रैप सॉन्ग में युवक आशीष गुर्जर की 'बदमाशी' का बखान करता दिख रहा है। रैप सॉन्ग कुल पंद्रह-बीस युवकों के साथ आशीष गुर्जर पर फिल्माया गया है।
वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्थानीय युवकों में आशीष की छवि एक डॉन जैसी रही है। वीडियो में वह घोड़े पर सवार होकर खेतों के बीच से निकलते हुए महंगी बाइक पर फर्राटा भरते हुए तो कहीं पर बड़ी गाड़ियों से उतरते दिख रहा है। वहीं गाने में कई बार शोभापुर गांव का भी नाम लिया गया है। इस वीडियो को टाइटल दिया गया है 'बदमाशी'।
इस वीडियो में यह भी कहा गया है, 'बदमाश हो या कोई स्टार, भाई के आगे सब बेकार...,' जी हां, आशीष गुर्जर पर फिल्माए गए इस आखिरी वीडियो को अब तक सात हजार से ज्यादा लोग देख चुके हैं। वहीं यह भी चर्चाएं हैं कि कहीं न कहीं इस वीडियो ने आपसी रंजिश को हवा देने का काम तो नहीं किया। वीडियो 1 मार्च 2018 को यूट्यूब पर पब्लिश किया गया है।