मेरठ शहर के पाश इलाके साकेत गोल मार्केट में शुक्रवार दोपहर छात्रा से मनचले ने छेड़छाड़ कर दी। छात्रा के शोर मचाने पर लोगों ने उसको घेर लिया। मनचले को मुर्गा बनाया गया। इसके बाद छात्रा और उसकी मां ने चप्पलों से उसे जमकर पीटा। जानकारी होने पर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। सिविल लाइन थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। छात्रा की मां ने आरोपी के खिलाफ तहरीर भी दी, लेकिन पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया।
मेरठ: मनचले ने की छेड़छाड़, तो बहादुर बिटिया ने सिखाया सबक, मुर्गा बनाकर चप्पल से जमकर पीटा, वीडियो वायरल
सिविल लाइन थाने की पुलिस भी पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर थाने लाई। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बाजार में दूसरे समुदाय के युवक लगातार छेड़छाड़ कर रहे हैं। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बाजार में पुलिस की गश्त नहीं होती। पुलिस ने आश्वासन दिया कि आरोपी पर मजबूत कार्रवाई करेंगे और बाजार में गश्त भी बढ़ा देंगे। जिसके बाद छात्रा की मां ने थाने में जाकर तहरीर दी। बताया गया कि तहरीर आते ही पुलिस आरोपी को बचाने में जुट गई और आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया।
गोल मार्केट में एक घंटे से घूम रहा था आरोपी
आरोपी का दुस्साहस देखकर लोग हैरान थे। छात्रा ने साहस का परिचय देते हुए मनचले को पकड़ लिया। लोगों ने बताया कि करीब एक घंटे से आरोपी साकेत गोल मार्केट में घूम रहा था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखकर जांच करने की बात कही है।
वारदात के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने भी आरोपी को संयुक्त रूप से पीटा और माफी भी मंगवाई। इस दौरान आरोपी की लोगों ने वीडियो भी बनाई और फिर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
बेटी को पकड़ रखा था मनचले ने
छात्रा की मां ने सिविल लाइन थाने में तहरीर देकर बताया कि वह बेटी को तलाश करते-करते साकेत गोल मार्केट पहुंची। जहां दूसरे समुदाय के युवक ने उसकी बेटी को पकड़ रखा था। बेटी चिल्ला रही थी।
हिंदू जागरण मंच के अध्यक्ष ने बताया कि साकेत में रोजाना दूसरे समुदाय के युवक आते हैं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ करते हैं। गोल मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरों में छेड़छाड़ की घटनाएं कैद हैं। शुक्रवार को छात्रा से छेड़छाड़ होने की घटना के बाद पुलिस को पुरानी वीडियो भी दिखाई गई। जिसमें दूसरे समुदाय के युवक छेड़छाड़ कर रहे हैं। बताया कि दूसरे समुदाय के युवक हाथ में कलावा या गले में गमछा डालकर आते हैं। खुद को हिंदू बताकर युवतियों से दोस्ती करते हैं।