लोहड़ी तो हर साल आती है। लोहड़ी की पवित्र अग्नि के फेरे लगाते हुए सुख, शांति की प्रार्थना भी करते हैं। दोस्तों के साथ मजाक, मस्ती पर्व की खुशियों को दोगुना कर देती है। मेरठवालों की लोहड़ी इस बार कुछ अलग और खास होगी। क्योंकि इस बार लोहड़ी हमकदम, हमसफर के साथ मनेगी।
नवयुगलों की जोड़ी..., ससुराल में जमकर धमाल, दोस्तों के साथ करेंगे भांगड़ा, खास होगी लोहड़ी
ससुराल में होगा जमकर धमाल
बागपत रोड निवासी रिया और रमित की अप्रैल 2018 में शादी हुई थी। दोनों शादी के बाद पहली लोहड़ी के लिए बहुत उत्साहित हैं। रमित कहते हैं शादी से पहले भी लोहड़ी मनाते रहे हैं, लेकिन जोड़ी में इस बार पहली बार पर्व मनाएंगे इसलिए बहुत अच्छा लग रहा है।
रिया ने खास तैयारी की है। उनका कहना है कि ससुराल में पूरे परिवार के साथ लोहड़ी मनाऊंगी। इससे अच्छा पल कुछ नहीं हो सकता है। फुल मेकअप करूंगी, ब्राइडल ड्रेस स्पेशली लोहड़ी के लिए तैयार कराया है।
दोस्तों के साथ करेंगे भांगड़ा
बेगमपुल निवासी विभु सेठी और विशाखा सेठी की शादी के बाद यह पहली लोहड़ी है। दोनों 2019 में विवाह के बंधन में बंधे हैं। परिवार के सदस्यों ने उनकी पहली लोहड़ी की खास तैयारी की है।
डीजे पर डांस से लेकर गेम्स खेलेंगे। साथ ही भांगड़ा करेंगे, ताकि ये पल यादगार बन जाएं। विशाखा ने भी ड्रेस तैयार कराई है।
गेम्स और डीजे संग होगा जश्न
देवपुरी निवासी गर्विता और अमित सेठिया भी पर्व के लिए उत्साहित हैं। गर्विता ने लोहड़ी के लिए विशेष रूप से प्रीब्राइडल मेकअप बुक कराया है, ताकि लोहड़ी की पार्टी में सबसे सुंदर और आकर्षक लगें।
अमित भी अपनी लाइफ पार्टनर को इस दिन कुछ विशेष तोहफा देने की योजना बना रहे हैं। अमित ने कहा कि यह तोहफा गर्विता को लोहड़ी की पार्टी में दूंगा सरप्राइज है। परिवार के लोगों ने घर पर ही थीम बेस्ड लोहड़ी पार्टी प्लान की है।
परिवार ने प्लान की सरप्राइज पार्टी
वेस्टर्न कचहरी रोड निवासी नवनीत सिंह चावला और हरनीत कौर की शादी नवंबर में हुई थी। नवयुगल तो पहली लोहड़ी मनाने के लिए उत्साहित हैं ही, लेकिन उनसे कहीं ज्यादा उत्साह परिवार के अन्य सदस्यों में है।
पिता प्रीतपाल कहते हैं बच्चों को सभी का आशीर्वाद मिले इसलिए घर पर ही एक पार्टी प्लान की है। दोस्तों, रिश्तेदारों और परिवार के सभी सदस्यों को बुलाएंगे। कुछ सरप्राइज गिफ्ट और गेम्स भी रहेंगे। डीजे और डंास के साथ पार्टी को और आकर्षक बनाएंगे।