रमजान में रोजेदारों की पहली पसंद फैनी का कारोबार लॉकडाउन की वजह से सिमट सा गया है। फैक्टरियों पर तालाबंदी की मार तो सीमा पर लगे पुलिस के पहरे ने अन्य राज्यों के रोजेदारों को सहारनपुर की प्रसिद्ध चमकदार सुनहरी फैनी से वंचित कर दिया है। आगे तस्वीरों में जानें, सहारनपुर में लाॅकडाउन के बीच कैसे प्रभावित हुआ है फैनी का बाजार:-
लाॅकडाउन की मार: रमजान में सहारनपुर की सुनहरी फैनी को तरसे पड़ोसी राज्यों के रोजेदार
रमजान माह में सहारनपुर में 20 से अधिक फैक्टरियां संचालित होती थीं, जिनमें प्रत्येक में रोजाना 20 से 25 क्विंटल फैनी तैयार होती थी। यह माल सहारनपुर के अलावा पड़ोसी राज्य हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल और पंजाब के कई राज्यों में सप्लाई होता था।
इसके लिए बाहर के कारोबारी एडवांस बुकिंग तक कराते थे, लेकिन इस बार लॉकडाउन की वजह 70 प्रतिशत कारोबार प्रभावित हो गया है, बाकी जो थोड़ी बहुत फैनी तैयार की जा रही है, उसकी खपत जिले में ही हो रही है।
नखासा बाजार के कारोबारी रुस्तम व वसीम अहमद ने बताया कि रमजान से एक माह पहले ही फैनी और खजला की एडवांस बुकिंग होती थी। लेकिन इस बार लॉकडाउन में सारा कारोबार सिमट गया है।
मोहल्ला मुत्रीबान निवासी कारोबारी नसीम अहमद व अब्दुल सत्तार ने बताया कि महानगर में नखासा बाजार, चौकी सराय, मोहल्ला सराय, एकता कॉलोनी, पीरवाली गली सहित अनेक क्षेत्रों में करीब 20 फैक्टरी चलती थीं, लेकिन हॉटस्पॉट की वजह से कुछ फैक्टरी तो पूरी तरह बंद हैं।