नए साल के पहले दिन मेरठ के पार्कों और मॉल में लोगों ने परिवार के साथ जमकर धमाल मचाया। किसी ने दोस्तों संग गांधी पार्क और सूरजकुंड पार्क में पिकनिक मनाकर सेल्फी ली तो शहर के मॉल्स में भारी भीड़ रही। शॉप्रिक्स और पीवीएस मॉल में तो इंट्री के लिए लाइन लग गई। बाजारों में भी ओर दिनों से ज्यादा चहलपहल रही।
Happy New Year: सैर-सपाटा, पिकनिक और सेल्फी में बीता दिन, देखें ये चुनिंदा तस्वीरें
2019 के पहले दिन शहर के बाजारों में जहां खूब चहलपहल रही। पार्कों में सबसे ज्यादा भीड़ दिखी। गांधी पार्क में जगह-जगह परिवारों के लोग बच्चों के साथ नए साल की खुशियां साझा करते नजर आए। किसी ने बोटिंग का आनंद लिया तो किसी ने महापुरुषों की प्रतिमाओं के संग सेल्फी ली। लेडीज पार्क और सूरजकुंड पार्क में भी युवाओं ने खूब मस्ती की। रामताल वाटिका से लेकर दूसरी तमाम जगहों पर सभी ने पिकनिक मनाई।
शॉप्रिक्स मॉल के रेस्टोरेंट और होटलों में अच्छी भीड़ रही। मूवी के अधिकांश शो फुल रहे। दोपहर को एकबार तो इतनी भीड़ हो गई कि बाहर गेट तक लाइन लग गई। पीवीएस मॉल में भी लोगों ने नए साल के पहले दिन खूब मस्ती की। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। शहर में सुबह से ही नए साल की बधाई देने का सिलसिला चलता रहा। सोशल साइट पर भी नए साल के मेसेज मंगलवार रात तक भी चलते रहे। इसके अलावा ऑफिसों में भी लोगों ने नए साल पर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। शहर के अलावा काफी लोगों ने दिल्ली में भी पिकनिक पार्टी की।
न्यू ईयर पार्टी में खूब मचा धमाल
कॅरियर लॉन्चर की मेरठ शाखा ने गढ़ रोड स्थित टिंबकटू होटल में न्यू ईयर पार्टी का आयोजन किया। पार्टी में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बॉलीवुड व हॉलीवुड के गानों पर जमकर डांस किया। कॅरियर लॉन्चर के डायरेक्टर डॉ विक्रांत जावला ने छात्र-छात्राओं व शिक्षकों के साथ मिलकर केक काटा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 2019 में छात्र-छात्राएं एक सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर मेहनत करें, अपनी पर्सनलिटी डेवलपमेंट करें, सफलता अवश्य मिलेगी।
संस्था की ब्रांच हेड रिया जावला ने छात्रों को प्रेरणा देते हुए हैप्पी न्यू ईयर को शब्दों में पिरो दिया। संस्थान के शिक्षक यश बंसल, नितीश बिश्नोई, गौरव शर्मा, आकांक्षा कुमार, बदन सिंह, विदुर शर्मा, गोविंद मान, मोहित ने छात्र-छात्राओं को नववर्ष की बधाई दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में अंकित चौहान, आकांक्षा कुमार, सोनू मौजूद रहे।