सालों बाद मेरठ मेडिकल के पुराने स्टूडेंट्स मंगलवार को मिले तो फिर से कॉलेज की यादें ताजा हो गईं। ऐसा लगा मानो फिर से कॉलेज जा रहे हों। उन्होंने छात्रावास और क्लास रूम की पुरानी बातें याद कर खूब ठहाके लगाए। कई तो एक-दूसरे को पहली नजर में पहचान भी नहीं पाए, जब पहचाना तो आंखें भी भर आईं। इसके बाद मेडिकल कॉलेज में खूब धमाल हुआ। बॉलीवुड सिंगर खुशबू ग्रेवाल ने फिल्मी गाने गाए, जिन पर डॉक्टर घंटों तक झूमते रहे।
बॉलीवुड सिंगर के गानों पर जमकर थिरके डॉक्टर, देखें गोल्डन जुबली समारोह की 9 तस्वीरें
मौका था एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के 1993 बैच की सिल्वर जुबली और 1968 बैच की गोल्डन जुबली समारोह का। इसमें देश विदेश से चिकित्सक शामिल हुए। मेडिकल कॉलेज की ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन (ओएसए) की तरफ से मेडिकल कॉलेज कैंपस में आयोजित कार्यक्रम सुबह करीब साढ़े 11 बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक चला। इसमें अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर और आस्ट्रेलिया से भी 1993 बैच के चिकित्सक और उनके परिवार के सदस्यों समेत करीब तीन हजार लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत में मेडिकल कॉलेज के 1968 और 1993 बैच के चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इन्हें शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। साथ ही 1993 बैच की पत्रिका का विमोचन किया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं के लकी ड्रॉ निकालकर ओएसए की तरफ से गिफ्ट भी दिए गए। कार्यक्रम के अंत में 1994 बैच के छात्रों को अगले साल के ओएसए की जिम्मेदारी के लिए मशाल दी गई। मंच संचालन मिस फेमिना सोनम नेगी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. विश्वजीत बैंबी ने की और इसके मीडिया प्रभारी अमित शर्मा रहे।
माय नेम इज लखन पर लगाए ठुमके
सिंगर खुशबू ग्रेवाल ने अनारकली डिस्को चली, लंदन ठुमकदा, दिल में बजी घंटी यार टन-टन, ओ बेबी डॉल, माय नेम इज लखन और अनारकली डिस्को चली आदि गाने गाए। इस गानों पर चिकित्सकों ने अपने अपने अंदाज में डांस किया। कार्यक्रम में काफी संख्या में महिला चिकित्सक और उनके परिवार के सदस्य थे। चिकित्सकों ने कहा कि यह आयोजन एक मंच पर लाने का मौका देता है, जिससे सभी का जुड़ाव बना हुआ है।
टॉपर्स को किया सम्मानित
कार्यक्रम में टॉपर्स मेडिकल छात्रों में फाइनल प्रोफेशनल 2013 के डॉ. आकाश गोयल और सेकेंड प्रोफेशनल 2015 की डॉ. मेघा गोयल, 2014 थर्ड प्रोफेशनल की वैशाली आनंद और 2017 प्रोफेशनल की विदुषी अग्रवाल को सम्मानित किया गया।