मेरठ जिले के कई कॉलेजों में आए दिन संघर्ष, मारपीट जैसी घटनाएं होती रहती है। इन घटनाओं के चलते छात्र-छात्राएं दहशत में रहते हैं। यहां फिर से दो कॉलेजों में दबंगई के मामले सामने आए हैं। कॉलेजों में छात्रों के बीच जमकर संघर्ष और फायरिंग हुई है। इस दौरान छात्रों ने एक-दूसरे पर हॉकी-डंडों से जानलेवा हमला बोल दिया। फिर इसके बाद जमकर बखेड़ा हुआ। इसमें एक छात्रा और दो छात्र घायल हो गए। आगे तस्वीरों के साथ जानिए पूरा अपडेट-
मेरठ के दो कॉलेजों में संघर्ष के बाद फायरिंग, जमकर हुआ बखेड़ा, तस्वीरें
गंगानगर स्थित आईआईएमटी विश्वविद्यालय में बुधवार दोपहर करीब एक बजे बीजेएमसी द्वितीय वर्ष का छात्र आदर्श चौधरी निवासी डी-ब्लॉक गंगानगर कक्षा में अन्य साथियों के साथ बैठा था। आरोप है कि लॉ के छात्र वरुण सिवाच, वीर चौधरी, परम सिवाच, गुरदीन और अन्य कुछ बाहरी छात्र कक्षा में पहुंचे और गालीगलौज करनी शुरू कर दी। इसके विरोध में दर्जनों छात्रों ने आदर्श पर हमला बोल दिया। बीचबचाव में आए अन्य छात्रों को भी पीटा। इस दौरान बाहर खड़े बीसीए के छात्र सचिन को भी पीटकर घायल कर दिया। बाउंसरों ने हमलावर छात्रों को अलग किया। आरोपी छात्रों ने दबंगई दिखाते हुए पिस्टल व तमंचे से फायरिंग कर दी। एक गोली आदर्श के कान के पास से गुजरी। लगभग चार-पांच राउंड फायरिंग से दहशत फैल गई। छात्र भयभीत होकर कक्षाओं में जा घुसे। हमलावर छात्र दीवार फांदकर फरार हो गए।
वहीं सूचना पर गंगानगर पुलिस पहुंची। सिर में गंभीर चोट लगने पर छात्र आदर्श को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी छात्र रजपुरा के बताए गए। इनमें कुछ विवि तो कुछ दूसरे कॉलेज के छात्र हैं।
वर्चस्व को लेकर हमला
बखेड़े में शामिल छात्रों में दो सितंबर को क्रिकेट टीम के चयन को लेकर जमकर मारपीट हुई थी। रजपुरा निवासी एक छात्र हमले की नीयत से कॉलेज कैंटीन में गया था, लेकिन दूसरे पक्ष ने उसकी धुनाई कर दी थी। गंगानगर पुलिस ने मामले में आरोपी छात्रों को गिरफ्तार भी किया था, लेकिन दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद छात्रों को छोड़ दिया गया था। बुधवार को रजपुरा निवासी छात्र पूर्व में हुई मारपीट का बदला लेने एक दर्जन छात्रों के साथ विवि परिसर में पहुंचा। हास्टल निवासी गुट के मुखिया छात्र के न मिलने पर उसके साथी आदर्श व सचिन को बुरी तरह पीटा। मामले में सात लोगों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए आरोपी
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। आरोपी छात्रों को कॉलेज से निकाला जाएगा। एसओ गंगानगर रवि चंद्रवाल ने बताया कि आरोपी छात्रों द्वारा कक्षा के अंदर फायरिंग की गई। सीसीटीवी फुटेज में छात्र भागते हुए दिख रहे हैं। घायल छात्र के परिजनों की तहरीर के आधार पर चार नामजद व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कॉलेज प्रशासन ने छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।