उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के सरधना क्षेत्र में हाल ही में एक खौफनाक मामला सामने आया था। यहां एक भाई ने उन्हीं हाथों से अपनी बहन की हत्या कर डाली थी, जिनमें वह लाडली बहन से राखी बंधवाता था। बहन का कसूर सिर्फ इतना था कि वह अपनी पसंद के युवक गौरव से शादी करना चाहती थी। बताया गया कि वह उस युवक के साथ घर छोड़कर भी चली गई थी। इसके दो दिन बाद जब वह घर लौटी तो परिजनों ने उसे काफी समझाया लेकिन, वह अपनी जिद पर अड़ी रही। इसी से नाराज होकर भाई ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
प्यार की खौफनाक कहानी: ...जब राखी वाले हाथों ने उजाड़ दी बहन की दुनिया, टूट गया जिंदगी का सपना, तस्वीरें
किशोरी दसवीं की छात्रा थी। छुर गांव में कलंजरी के गौरव की रिश्तेदारी थी। इसी दौरान गौरव की किशोरी से मुलाकात हो गई। करीब छह महीने से दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 13 जून को गौरव और किशोरी गांव से फरार हो गए थे। परिजनों ने खुद ही किशोरी को मथुरा से बरामद किया, जबकि गौरव मौके से भाग गया था। तभी से किशोरी को मारने के लिए उसके भाई ने प्लानिंग बना ली थी और वह अपने एक दोस्त से तमंचा भी खरीदकर ले आया था।
उधर, परिजन किशोरी को समझाने में लगे हुए थे, इसके बावजूद वह मानने को तैयार नहीं थी। इसी वजह से उसका भाई और अधिक आक्रोशित हो गया। किशोरी अपने कमरे में लेटी हुई थी तभी भाई वहां पर पहुंच गया। इससे पहले किशोरी शोर मचाती, तभी भाई ने उसकी गर्दन पर सटाकर तमंचे से गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था।
इस दौरान गोली की आवाज सुनते ही परिवार के लोगों में जाग हो गई। परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे, तब तक किशोरी की मौत हो चुकी थी। सीओ सरधना आरपी शाही ने बताया कि आरोपी भाई को गिरफ्तार जेल भेज दिया गया है।
ये हुई ऑनर किलिंग की घटना
- 2016 में गंगानगर थाना क्षेत्र के कसेरू बक्सर में भाई ने बहन की चाकू से गोदकर हत्या कर दी।
- 2017 में मवाना में पिता ने बेटी को फावड़े से काट डाला।
- 2018 में लिसाड़ी गेट में भाइयों ने बहन की गला घोंटकर हत्या की।
- 2019 में कोतवाली में बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी।
- 2020 में जानी में प्रेमी युगल को मार डाला और फिर आत्महत्या की पटकथा रच दी।