भारत में कोरोना के अब तक कुल 31 केस मिल चुके हैं। वहीं यूपी के बागपत में भी एक संदिग्ध मरीज मिला है जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। राहत आयुक्त एवं प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने जिले के अधिकारियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोरोना के संबंध में दिशा निर्देश जारी किए हैं।
कोरोना का खौफ है.., जरा फासले से मिला करो, तस्वीरों में देखें यूपी में कैसे एहतियात बरत रहे लोग
कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अलर्ट होने के साथ ही चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी भी सतर्कता बरत रहे हैं। कई जिलों में सीएचसी पर चिकित्सक मास्क लगाकर मरीजों का उपचार कर रहे हैं। शामली के कैराना सीएचसी पर गुरुवार को डॉक्टर मुंह पर मास्क लगाकर मरीजों का उपचार करते नजर आए।
उधर सहारनपुर में कोरोनावायरस को लेकर व्यापारी अलर्ट हो गए हैं। कोरोनावायरस से देश में कई लोगों संक्रमित होने की सूचना के बाद व्यापारियों ने एहतियात बरतनी शुरू कर दी है। खासतौर पर जहां बड़ी संख्या में ग्राहक आते हैं। वेस्ट यूपी के प्रतिष्ठित रायवाला मार्केट में इसकी बानगी देखने को मिली है।
रायवाला में कई व्यापारियों और सेल्समैनों ने अपने मुंह पर मास्क लगाकर कार्य करना शुरू कर दिया है। जिससे किसी भी प्रकार के संक्रमण से बचा जा सके। दरअसल, इस मार्केट में करीब दो हजार कपड़े की दुकानें हैं। जहां कई राज्यों से प्रतिदिन हजारों की संख्या में ग्राहक आते हैं।
बीमार लगाएं मास्क तो बाकी को कम पड़े जरूरत
चिकित्सकों का कहना है कि जो लोग मास्क लगा रहे हैं, वे बीमार नहीं हैं। हां, अगर बीमार व्यक्ति मास्क लगाएं तो जो सेहतमंद हैं, उन्हें मास्क लगाने की जरूरत ही न पड़े। इससे बाजार में जिस तरह से मास्क की कमी बताई जा रही है, यह स्थिति भी नहीं बनेगी।
इसके अलावा मास्क लगाने वाले भी सावधान रहें, क्योंकि मास्क का इस्तेमाल कर उसे सही से डिस्पोज करें। साथ ही हाथ धोएं। ऐसा नहीं है कि मास्क लगा लिया तो हाथों की सफाई पर ध्यान नहीं देना है। रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करेंगे तो यह हमला नहीं कर पाएगा।
बागपत जिले में भी चिकित्सक मरीजों को बचाव करने की सलाह दे रहे हैं। उनका कहना है कि कोरोना वायरस खासकर हवा, खांसी, जुकाम, छींक से फैलता हैं। इससे बचाव के लिए सबसे अच्छा तरीका हैंड वाश हैं। कोरोना वायरस किसी धातु या कपड़े पर आ जाता है। वायरस से बचाव के लिए सभी डॉक्टरों को मास्क पहनने की सलाह दी गई हैं।