प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रात नौ बजे नौ मिनट तक घरों में दीये, मोमबत्ती व मोबाइल की टॉर्च आदि जलाए जाने की अपील की है।
आज रात नौ बजे, रोशनी करें लेकिन रखें सावधानी, दीये जलाने से पहले न करें सैनिटाइजर का इस्तेमाल
मुजफ्फरनगर होम्योपैथिक डॉक्टर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. विवेक कुमार का कहना है कि दीये या मोमबत्ती जलाने से पहले अपने हाथों को सैनिटाइजर से साफ न करें, क्योंकि सैनिटाइजर में अल्कोहल होता है, जो आग पकड़ने में मददगार होता है।
वहीं, जिला औषधि विभाग के इंस्पेक्टर वैभव बब्बर ने कहा कि मोमबत्ती व दीये जलाने से पहले अपने हाथों को पानी व साबुन से अच्छी तरह से साफ करें।
सभी इलेक्ट्राॅनिक्स उपकरण न करें बंद
प्रधानमंत्री की लाइटें बंद कर दीये, मोमबत्ती जलाने की अपील को लेकर विद्युत विभाग भी सतर्क हो गया है।
अचानक सभी लाइटें बंद होने से फ्रीक्वेंसी में गड़बड़ी के कारण ग्रिड को खतरा हो सकता है। इसलिए विभागीय अधिकारियों ने सुझाव दिया है कि लाइट के अतिरिक्त अन्य विद्युत उपकरण चालू रखें।
विद्युत विभाग नगर के अधिशासी अभियंता ओपी मिश्रा ने बताया कि सभी विद्युत सब स्टेशनों पर नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है।
सभी पाॅवर हाउस पर कर्मचारी मौजूद रहेंगे। कहीं कोई गड़बड़ी न हो, इसका ध्यान रखेंगे।
उन्होंने बताया कि लोग अपने घरों में अन्य विद्युत उपकरण जैसे पंखा, फ्रिज आदि चालू रखें। केवल लाइटें ही बंद करें। ऐसा करने से दिक्कत नहीं होगी।