मेरठ के सरधना में कांग्रेस नेता के घर पर रखा विस्फोटक पदार्थ खतरनाक स्तर का था। इसी कारण धमाके में घरों की छत उड़ गईं। मौके पर ही दो लोगों की जान चली गई। धमाके की चपेट में आकर कई लोगों की जान जा सकती थी। मामले को गंभीरता से लेते शुक्रवार को एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल खुद घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने फॉरेंसिक टीम से मिट्टी के सैंपल भरवाए।
कांग्रेस नेता के घर पर था खतरनाक विस्फोटक, तेज धमाके से दहल गया था इलाका, सबूत हैं ये तस्वीरें
सरधना के मोहल्ला पीरजादगान में हुए धमाके में कांग्रेस नेता सहित दो लोगों की जान चली गई। कई लोग घायल हुए। कांग्रेस नेता समेत दर्जनभर घरों की छत उड़ गई। 500 मीटर दूर तक धमाके की आवाज सुनी गई। इसके बाद भी पुलिस ने सिलिंडर फटने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। जबकि मौके पर भारी मात्रा में जले हुए पटाखे मिले। दोपहर में एडीजी जोन फॉरेंसिक टीम लेकर सरधना पहुंचे। वहां का मंजर देखकर भांप लिया कि यह साधारण धमाका नहीं था। कांग्रेस नेता के घर में खतरनाक विस्फोटक था। पटाखे की सामग्री भी मिली है। इसके बाद एडीजी के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम ने मिट्टी के सैंपल भरे।
बहुत तेज था प्रेशर
एडीजी का कहना है कि धमाके का प्रेशर बहुत तेज था। ग्राउंड फ्लोर पर हुए विस्फोट से दूसरी मंजिल की भी छत उड़ गई। इसके प्रेशर से पड़ोसियों के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। फॉरेंसिक टीम ने भी खतरनाक विस्फोटक होने की आशंका जताई है। सिलिंडर से गैस लीक होने के कारण आग लगी और वह विस्फोटक सामग्री तक पहुंच गई।
जांच से खुलेगा राज
घटनास्थल की मिट्टी के सैंपल की जांच से स्पष्ट होगा कि कांग्रेस नेता के घर पर कौन सा विस्फोटक पदार्थ रखा था। फॉरेंसिक टीम ने कांग्रेस नेता और उसके दोस्त की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी ली है। जिससे स्पष्ट हो सके कि आखिर कौन से खतरनाक विस्फोटक में धमाका होने पर दोनों की मौत हुई है।
मौके पर गैस सिलिंडर ठीक मिला
घटना को लेकर पुलिस की थ्योरी और वास्तविक घटना को लेकर बने विरोधाभास को स्पष्ट करने के लिए शुक्रवार को एसपी देहात अविनाश पांडेय और सीओ सरधना आरपी शाही ने पीड़ित परिवार से बातचीत की। उन्होंने मौके पर पड़े गैस सिलिंडर को देखा। वह फटा हुआ नहीं दिखाई दिया। हादसे में जिन लोगों के मकान गिरे हैं, उनसे अलग-अलग बात की। लोगों ने बताया कि मकान के अंदर पटाखों का विस्फोटक रखा था। गैस सिलिंडर लीक होने से विस्फोटक सामग्री में आग लगी। गैस सिलिंडर के फटने से इतना बड़ा हादसा नहीं हो सकता। लोगों ने बताया कि उन्होंने पहले भी आसिम को घर में विस्फोटक सामग्री नहीं रखने के लिए कहा था।