सीएम योगी के सुरक्षा सलाहकार शलभ मणि त्रिपाठी के नाम से किसी व्यक्ति ने फर्जी ट्विटर पेज बनाया हुआ है। इस पेज की हकीकत शनिवार को उस समय सामने आई, जब दरोगा इंतसार अली को लेकर ट्वीट किया गया। ट्वीट में लिखा गया कि इंतसार अली दरोगा हैं और वह नियमविरुद्ध दाढ़ी रखते थे। साथ ही सैल्यूट की जगह आदाब बोलते थे। इसके अलावा भी इस ट्वीट में कई और बातें लिखी हैं। हालांकि इंतसार अली ने दाढ़ी कटवा ली थी। जिसके बाद उन्हें बहाल कर दिया गया था।
सीएम योगी के सलाहकार के नाम से बनाया फर्जी ट्विटर पेज, दरोगा इंतसार अली को लेकर लिखी ये बड़ी बात
ये था मामला
बागपत के रमाला थाने में तैनात उप निरीक्षक इंतसार अली को बिना अनुमति लंबी दाढ़ी रखने पर निलंबित कर दिया गया था। सहारनपुर निवासी इंतसार अली यूपी पुलिस में एसआई के पद पर भर्ती हुए थे। पिछले तीन साल से वह जिले में कार्यरत हैं। लॉकडाउन से पहले उन्हें रमाला थाने में तैनाती दी गई थी। पुलिस विभाग के नियमों के विपरीत लंबी दाढ़ी रखने को लेकर चर्चा में आए।
इसके बाद इंतसार अली ने उच्चाधिकारियों के निर्देशों का अनुपालन करते हुए अपनी दाढ़ी को कटवा लिया था। साथ ही भविष्य में पुलिस विभाग के नियमों/निर्देशों का पालन करने का आश्वासन भी दिया था। इंतसार ने निलंबन से बहाल होने पर पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रत्यावेदन किया था। वहीं प्रत्यावेदन पर सुनवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक ने दरोगा इंतसार अली को निलंबन से बहाल कर दिया था।
इंतेसार अली दारोग़ा हैं,नियमविरुद्ध दाढ़ी रखते थे,सैल्यूट की जगह आदाब करते थे,सरकार बदलने का फर्क नहीं समझ पाए,याद न रहा कि UP में अब कानूनराज है,लिहाज़ा सस्पेंड हो गए,बहाली तब हुई जब वर्दी के सम्मान वाली वेशभूषा में लौटे,देश कठमुल्लों से नहीं बाबा साहब के संविधान से ही चलेगा। pic.twitter.com/G8ulEyfJMO
इस मामले में जमीयत उलमा के पदाधिकारियों ने भी डीएम शकुंतला गौतम और एसपी अभिषेक सिंह से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा था कि हर व्यक्ति को धर्म के अनुसार रहने का अधिकार है।
एसपी अभिषेक सिंह ने बताया था कि विभाग में मूंछ बिना अनुमति रख सकते हैं, लेकिन सिख समुदाय के पुलिसकर्मियों को छोड़कर अन्य सभी को दाढ़ी रखने के लिए विभागीय अनुमति लेनी होती है। एसआई इंतसार अली को दो बार विभागीय अनुमति लेने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। लगातार विभागीय नियमों की अनदेखी के चलते यह कार्रवाई की गई।