कांग्रेस उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक इमरान मसूद लंबे समय से भीम आर्मी पर डोरे डाल रहे हैं। शुक्रवार को भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर उर्फ रावण ने इमरान मसूद की जिस तरह तारीफ की, उससे जिले की सियासत जरूर गरमा गई है। रावण तो यहां तक कह गए कि इमरान उनके भाई है, उसके लिए खून दे भी सकते हैं और ले भी सकते हैं। उन्होंने पूर्व सांसद जगपाल सिंह को अपना राजनीतिक गुरु बताया।
'रावण' बोला- इमरान भाई के लिए खून दे भी सकते हैं और ले भी सकते हैं, तस्वीरें
भीम आर्मी के सुर्खियों में आने के बाद से कांग्रेस के पूर्व विधायक इमरान मसूद हर मौके पर उनके साथ खड़े नजर आए। रावण के जेल में रहते हुए भी इमरान कई बार उनसे मिलने गए।
सूत्रों के मुताबिक इमरान ने कैराना उप चुनाव से पहले रावण को राजनीतिक प्रस्ताव भी दिया था, लेकिन रावण ने उसे ठुकरा दिया था। शुक्रवार को पूर्व विधायक इमरान मसूद, बेहट के विधायक नरेश सैनी आदि के साथ रावण के छुटमलपुर स्थित आवास पर पहुंच गए।
रावण ने कार्यकर्ताओं के बीच इमरान मसूद को दलितों का हितैषी बताते हुए कहा कि जब भीम आर्मी के कार्यकर्ता तड़प रहे थे, तब यही शख्स साथ में खड़ा था। वह किसी भी पार्टी में रहे, वह उनका साथ देंगे। रावण के इस बयान को लेकर सियासी गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
रावण संसद में जाकर आवाज बुलंद करे
पूर्व विधायक इमरान मसूद का कहना है कि वो चाहते हैं कि रावण संसद में जाकर आवाज बुलंद करे। वह पहले भी उन्हें चुनाव लड़ने का आफर दे चुके हैं। रावण चुनाव लड़ने की बात से इंकार कर रहा है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/