उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में 19 जून की रात को हुई विकास की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार विकास ने चार शादियां कर रखी थी। वहीं सबसे पहली पत्नी ने विकास के दोस्त को लालच देकर पहले खतरनाक साजिश रची और फिर सुपारी देकर पति की हत्या करा दी। आगे जानिए क्या है पूरी वारदात-
तस्वीरें: पति के दोस्त को दिया ये लालच, फिर रची खतरनाक साजिश, खौफनाक है वारदात
पुलिस ने विकास उर्फ नीटू की हत्या का खुलासा कर उसकी पत्नी रजनी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि मृतक की पत्नी ने ही संपत्ति के विवाद में छह लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई थी। साथ ही एक आरोपी को दिल्ली में स्थित विकास का करीब 80-90 लाख रुपये कीमत का मकान देने की बात भी तय की थी। रजनी के अलावा भी विकास ने तीन अन्य युवतियों से शादी की हुई थी। रजनी और विकास के बीच मनमुटाव व प्रापर्टी का विवाद चल रहा था।
बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर बड़ौली गांव में तीन बाइक सवार बदमाशों ने 19 जून की रात साढ़े आठ बजे विकास उर्फ नीटू (32 वर्ष) की हत्या की। एसपी अजय कुमार सिंह ने बताया कि एएसपी अनित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच की। पुलिस ने बावली गांव की पट्टी देशू निवासी रोहित उर्फ पुष्पेंद्र, बड़ौली निवासी सुधीर उर्फ लीलू और दिल्ली के नांगलोई में रह रही मृतक विकास की पत्नी रजनी को गिरफ्तार किया है।
एसपी ने बताया मृतक विकास दिल्ली में रहकर प्राइवेट कंपनी में युवकों को नौकरी दिलाने का काम करता था। 11 साल पहले उसकी शादी रजनी से हुई थी, जिससे उसके दो बच्चे हैं। साल 2017 से 2020 के बीच विकास ने तीन अन्य लड़कियों से शादी की। रजनी के साथ उसका मनमुटाव और संपत्ति का विवाद चल रहा था। विकास रजनी को तलाक देकर संपत्ति अन्य पत्नियों के नाम कर रहा था। रजनी ने विकास के साथ काम करने वाले उसके गांव के सुधीर के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और रजनी के कहने पर सुधीर ने रोहित उर्फ पुष्पेंद्र, सचिन और रवि उर्फ दीवाना को छह लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी। तीन लाख रुपये एडवांस दिए। 19 जून को विकास अपने बड़े भाई की बरसी पर घर आया था, जिसकी जानकारी रजनी ने शूटरों को दी और उन्होंने विकास की हत्या कर दी।
रजनी ने सुधीर को घर देने का दिया लालच
रजनी का अपने पति विकास से झगड़ा चल रहा था। विकास और उसके गांव का दोस्त सुधीर एक साथ काम करते थे, जिस कारण सुधीर की रजनी के साथ भी जान पहचान हो गई थी। सुधीर को झगड़े की अधिकतर बातें पता थी। बड़ौत कोतवाली प्रभारी अजय शर्मा ने कहा रजनी ने छह लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई है। लेकिन योजना में शामिल रहे सुधीर को दिल्ली में मकान देने की बात कही थी, जिसकी कीमत करीब 80-90 रुपये है। भाड़े के शूटरों को सुपारी छह लाख रुपये में ही दी गई थी।