बहू की मौत की खबर सुनते ही सास को लगा सदमा, एक घर से निकली दो अर्थी
शनिवार को सड़क हादसे में बेटे के घायल होने और बहू की मौत से सदमे में आई 55 वर्षीय सास बुनेली भी रविवार को चल बसी। दो दिन के भीतर एक ही परिवार में दो मुसहर महिलाओं की मौत की सूचना मिलते ही डीएम अपने मातहत अधिकारियों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने मृतका के घायल बेटे का हाल जाना और मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक मदद की। उन्होंने पीड़ित परिवार की अन्य प्रकार की मदद के लिए भी मातहतों को निर्देश दिया।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बरवा राजापाकड़ गांव के जमुआन टोला निवासी गुल्लू पुत्र सहदेव (32) शनिवार को अपनी पत्नी तेतरी (30) के साथ सीताराम चौराहा से साइकिल से घर लौट रहे थे। कसया-तमकुहीरोड मार्ग पर पेट्रोल पंप से करीब 500 मीटर आगे तुर्कपट्टी की तरफ से जा रहा पुआल लदा पिकअप स्कूटी सवार महिला शिक्षक सहाना खातून को चपेट में लेने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया था।
सहाना खातून दोघरा के इंस्टीच्यूट में पढ़ाकर स्कूटी से सेवरही अपने घर जा रही थीं। पिकअप की चपेट में साइकिल सवार मुसहर दंपती आ गए थे। तेतरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि गुल्लू गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, गुल्लू की मां बुनेली यह खबर सुनते ही सदमे में आ गई। वह बार-बार बेहोश हो जा रही थी। आखिर, उससे सदमा बर्दाश्त नहीं हुआ और उसने रविवार की सुबह दम तोड़ दिया। किसी ग्रामीण ने इसकी सूचना डीएम को दी।