कानपुरः अब किसी भी शहर में निकलने वाली नौकरी की जानकारी युवाओं को अब आसानी से मिल जाएगी। इसका कारण यह है कि सेवायोजन कार्यालय का पोर्टल नेशनल करियर सेंटर से लिंक हो गया है। अब आपकी नौकरी की तलाश आसानी से पूरी होगी। पढ़ें पूरी रिपोर्ट...
कानपुर जीटी रोड स्थित सेवायोजन कार्यालय का पोर्टल नेशनल करियर सेंटर से लिंक हो गया है। 25 मई को लगने वाले रोजगार मेले की भी जानकारी इस पर अपलोड कर दी गई है। वहीं पोर्टल के सेंटर से लिंक हो जाने के बाद किसी भी शहर में निकलने वाली नौकरी की जानकारी युवाओं को अब आसानी से मिल जाएगी।
सहायक निदेशक सेवायोजन एसपी द्विवेदी ने बताया कि सेवायोजन कार्यालय के पोर्टल sewayojan.up.nic.in को नेशनल करियर सेंटर से लिंक कर दिया गया है। अब विभाग में लगने वाले सभी रोजगार मेलों की जानकारी इस पर रहेगी। ऐसा होने से कानपुर के अलावा किस राज्य में कहां और कितनी नौकरियां हैं, सैलरी, शैक्षिक योग्यता समेत कई जानकारियां मिल सकेंगी।
उन्होंने बताया कि 25 मई को लगने वाले रोजगार मेले की जानकारी नेशनल पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। हालांकि अभी कंपनियों का पूरा ब्योरा कुछ तकनीक कारणों से नहीं दिख रहा है। जल्द ही यह ब्योरा दिखने लगेगा। अब आप सेवायोजन की वेबसाइट पर जाकर नौकरी की तलाश को आसानी से पूरा कर सकते हैं।