कन्नौज जिले में नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव की मुश्किलें बढ़ रही हैं। एक दिन पहले किशोरी की ओर से कोर्ट में दिए गए बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी नवाब सिंह के खिलाफ दुष्कर्म की धारा भी बढ़ा दी है। इसी के साथ अब उसकी डीएनए जांच के लिए पहल शुरू हुई है। इसके लिए पुलिस ने कोर्ट से मंजूरी मांगी है। उधर किशोरी को लेकर आरोपी के कॉलेज पहुंची उसकी बुआ अब फरार हो गई है।
कन्नौज कांड: नवाब सिंह की होगी DNA जांच, बुआ के बैंक खातों में बड़ी रकम डालने की भी चर्चा, एसपी ने कही ये बात
अहम कड़ी साबित हो सकती है डीएनए जांच
इसके लिए पुलिस ने पॉक्सो कोर्ट में आवेदन किया है। अदालत से मंजूरी मिलते ही डॉक्टरों की टीम की मदद से डीएनए जांच के लिए नवाब का सैंपल लिया जाएगा। माना जा रहा है कि डीएनए जांच की रिपोर्ट इस पूरे प्रकरण में अहम कड़ी साबित हो सकती है। इसी बीच किशोरी की बुआ अंडरग्राउंड हो गई है। बुआ ही किशोरी को लेकर नवाब सिंह यादव के कॉलेज पहुंची थी।
पुलिस ने महिला की तलाश तेज कर दी
पुलिस के मुताबिक रविवार रात हुई घटना के दौरान वह उसी कॉलेज में मौजूद थी, इसलिए उसका बयान लिया जाना जरूरी है। हालांकि, किशोरी के माता-पिता की ओर से शिकायत किए जाने के बाद वह गायब हो गई है। ऐसे में पुलिस उसकी भूमिका संदिग्ध मान रही है। इसी बीच किशोरी की मां की ओर से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उस महिला को भी मुकदमे में शामिल करते हुए उसकी तलाश तेज कर दी है।
आरोपी नवाब सिंह यादव के खिलाफ दुष्कर्म की धारा बढ़ाने के साथ ही किशोरी की मां की शिकायत के आधार पर बुआ को भी मुकदमे में शामिल किया गया है। वह पुलिस के सामने नहीं आ रही है। उसकी तलाश के लिए सदर कोतवाली, सर्विलांस, एसओजी सहित छह टीमों को लगाया गया है। -अमित कुमार आनंद, एसपी
पीड़िता की बुआ के बैंक खातों में बड़ी रकम डालने की चर्चा
पूर्व ब्लॉक प्रमुख के यहां अपनी भतीजी को लेकर जाने वाली महिला के फरार होने के बाद से उससे जुड़ी कई चौंकाने वाली जानकारी सामने आ रही है। चर्चा है कि वारदात के बाद उसके बैंक खातों में बड़ी रकम भेजी गई है। मामला सामने आने के बाद एसपी ने इसकी भी जांच की बात कही है। इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।