फतेहपुर जिले में अपहरण के बाद युवक की हत्या के मामले में पुलिस बरात में आए वाहनों की जांच में जुटी है। पुलिस क्षेत्र में आने वाली हर बरात का डाटा गेस्ट हाउसों से जुटा रही है। गेस्ट हाउस के सीसी कैमरे भी चेक किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी अंदाजा लगा रही है कि नशेबाजी में बरात में विवाद हो सकता है।
Fatehpur Blind Murder: पहले युवक हुआ अगवा! फिर सड़क पर मिला रक्तरंजित शव, धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार..
आईजी बोले- अंधी हत्याओं पर काम किया जाएगा
आईजी चंद्रप्रकाश द्वितीय ने घटनास्थल के आसपास की लोकेशन का जायजा लिया। वैनों के संचालन के बारे में पूछताछ की। क्षेत्र में गुरुवार को कौन सी वैन संचालित नहीं हुई, इसका पता लगाने के आदेश दिए। आईजी ने कहा कि पहले के ऐसे मामलों पर काम किया जा रहा है। पुलिस खुलासों पर हर संभव प्रयास करेगी।
पिछले दो साल में 10 से अधिक अंधी हत्याएं
- 3 फरवरी खागा कोतवाली क्षेत्र में हत्या के बाद युवक की बोरे में फूंके शव का नहीं लगा सुराग।
- खखरेरू थाने के ख्वाजीपुर थोन गांव में युवती का अधजला शव मिला।
- कल्यानपुर थाना क्षेत्र के मुरादीपुर रोड पर युवक का अधजला शव मिला।
- खागा कोतवाली क्षेत्र के बरक्कतपुर में जींस टीशर्ट वाली युवती की सिर कटी लाश।
- खागा कोतवाली के दयालपुर के पास महिला का मिट्टी में दफन शव मिला।
- खागा पश्चिमी भट्ठे के सामने संग्रामपुर मोड़ एक साल शादीशुदा महिला का हत्या कर फेंका शव मिला।
- गाजीपुर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या कर फेंका शव मिला।
- ललौली थाना क्षेत्र के युवती का हत्या कर फेंका शव मिला।
- मलवां थाना क्षेत्र के कोराईं मोड़ पर युवक की हत्या कर फेंका शव मिला।
- हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बेरागढ़ीवा पुलिया से युवक का शव मिला।
बता दें कि औंग थाना क्षेत्र में कानपुर प्रयागराज हाईवे से करीब डेढ़ किमी दूर लिंक मार्ग पर वैन सवारों ने युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिया था। पुलिस को शक है कि उसे सीमावर्ती किसी जिले से अगवा किया गया था। पुलिस आशनाई में हत्या का अंदाजा लगा रही है। फिलहाल शिनाख्त नहीं हुई है।
मृतक की उम्र करीब 35 से 40 साल के बीच है। चेहरे पर चाकू का घाव है। कान के पास से चाकू सिर के अंदर घोंपा है। सिर और अन्य जगहों पर चोटें हैं। पुलिस को खेत से एक डेढ़ फीट का पेचकस, पानी की बोतल, नमकीन का बंद पैकेट मिला है। कुछ दूरी पर अंगोछा, चप्पल, फटा स्वेटर बरामद हुआ।