आईआईटी कानपुर में शुक्रवार रात फैशन का जोरदार तड़का लगा। मंच था ऋतंभरा के ग्रैंड फिनाले का जिसमें दस यूरोपियन मॉडलों ने अपना जलवा बिखेरा।
ये मॉडल रूस, नीदरलैंड जैसे कई देशों से आई थीं। भारतीय और अमेरिकन गानों की धुन पर जब एक-एक कर विदेशी मॉडल उतरीं तो हर कोई देखता ही रह गया।
ऋतंभरा के फिनाले में पहुंची छह टीमों के मॉडलों ने भी रैंप पर खूबसूरत तरीके से कैटवॉक कर सबका दिल जीत लिया।
फाइनल में पहुंची टीमें कॉलेज औफ वोकेशनल स्टडीज, एनआईएफटी भुवनेश्वर, एक्सिस इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी, बीबीडी लखनऊ, आईएमएस लखनऊ और एनआईएफटी दिल्ली शामिल थीं।
जज करने पहुंचे कई सितारे
ऋतंभरा में अंतरराष्ट्रीय मॉडल और मिस सरेबिया 2013 में उप-विजेता रहीं अरनीला जेकोविक, मिस इंडिया यूनिवर्स 2008 रहीं सिमरन कौर मुंडी, बाबू मोशाई बंदूकबाज की मुख्य अभिनेत्री रहीं बिदिता बाग, नितिन सामा, स्वाती मेहरोत्रा, डॉ. रित्विज भौमिक ने बतौर जज शिरकत की।