मां के साथ दुधमुंही बच्ची काे एक पिता ने जिंदा जला दिया, जानिए क्या है पूरा मामला
बुधवार को दिन में लगभग 11 बजे गांव के लल्लू पुत्र मोहम्मद रजा की पत्नी राजिया बानो (30) और आठ माह की बेटी गजाला के शव घर के अंदर ही अधजले पड़े मिले। घटना की जानकारी लल्लू ने ही शोर मचाकर ग्रामीणों को दी। उसने बताया कि आग लगने से मां-बेटी की मौत हो गई। ग्रामीणोें ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मां-बेटी की मौत की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी श्यामबाबू शुक्ल मौके पर पहुंचे पर इससे पहले ही लल्लू परिवार के अन्य लोगों काे लेकर फरार हो गया। पुलिस की माने ताे राजिया के गले पर निशान मिले हैं। इसके अलावा कई चोटें भी अधजले शव पर नजर आई हैं।
घटना की जानकारी राजिया के मायके पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दहेलिया रामपुर में दी गई। जाजूपारा पहुंचे भाई अलाउद्दीन ने पुलिस को बताया कि लल्लू और उसके परिवार वाले उसकी बहन राजिया से आए दिन मारपीट करते थे। ये लोग दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे। बाइक न मिलने के कारण ही मां-बेटी को पीटने के बाद जिंदा जला दिया। यह रजिया और लल्लू की दूसरी शादी है।