विधायक कुलदीप सिंह प्रकरण की जांच के सिलसिले में गुरुवार शाम सीबीआई की सात सदस्यीय टीम एक बार फिर माखी थाने पहुंची। टीम के सदस्यों ने गांव में घटनास्थल का चौथी बार निरीक्षण किया। सीबीअाई की दहशत पूरे गांव में फैली हुई है।
सीबीअाई की टीम ने विधायक के आवास पर मौजूद कुछ लोगों के साथ ही ग्रामीणों से भी वार्ता की। सह आरोपी शशि सिंह के पति की कार को सीबीआई ने सीज कर दिया। सीबीआई टीम के सदस्यों ने माखी थाने पहुंचकर कुछ जरूरी अभिलेख देखे। इसके बाद वापस लखनऊ लौट गए। सीबीआई की सात सदस्यीय टीम गुरुवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे माखी थाना पहुंची।
जरूरी अभिलेख खंगालने के बाद टीम के सदस्य विधायक के गांव पहुंचे। टीम के सदस्य आरोपी शशि सिंह के आवास की ओर गए, जहां शशि के पति की कार सीज कर थाने की सुपुर्दगी में दी। आरोप है कि जून 2017 में इसी कार में किशोरी को ले जाया गया था। सीबीआई टीम के सदस्य विधायक आवास पर भी पहुंचे। यहां मौजूद कुछ लोगों से लगभग बीस मिनट तक पूछताछ करने के बाद वापस थाने आए।
सीबीआई टीम लगभग दो घंटे तक गांव व थाने में जांच करती रही। रात लगभग 7:40 बजे टीम लखनऊ लौट गई। सीबीआई की टीम छठवीं बार गांव पहुंची है। पूछताछ के साथ ही थाने में अभिलेखों का निरीक्षण करने का क्रम लगातार जारी है। सीबीआई टीम के गांव पहुंचते ही सन्नाटा सा छा जाता है। गांव में कोई कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।