क्रिकेट टूर्नामेंट में उस समय मारपीट के चौके-छक्के पड़ने लगे जब आउट की अपील पर अंपायर ने उंगली उठा दी। मामला यूपी के फर्रुखाबाद जिले का है। जानें क्या है पूरा मामला
शमसाबाद थाना क्षेत्र ललौर गांव में बाला जी क्रिकेट टूर्नामेंट चल रहा है। शनिवार को फर्रुखाबाद क्रिकेट क्लब और हसनापुर क्रिकेट क्लब के बीच मैच हो रहा था। फर्रुखाबाद टीम के बल्लेबाज सूरज को अंपायर चंद्रभान ने आउट दे दिया।
इसका फर्रुखाबाद टीम के कप्तान पंकज कुमार ने विरोध किया और चंद्रभान से नोकझोंक करने लगे। इसी बात पर हसनापुर टीम के कप्तान कौशल कुमार चंद्रभान के पक्ष में आ गए तो दोनों पक्षों में स्टंप चलने लगे। मारपीट के दौरान तीन बाइकें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। मारपीट में चंद्रभान और सूरज घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर ललौर गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे लेकिन तब तक फर्रुखाबाद टीम के लोग क्षतिग्रस्त बाइकें लेकर मौके से भाग चुके थे। टूर्नामेंट आयोजक सचिन दीक्षित ने बताया कि खिलाड़ी को आउट दिए जाने को लेकर विवाद हुआ था। थाना पुलिस ने बताया कि घटना की कोई सूचना नहीं मिली है।