बिजनौर जनपद के नूरपुर थानाक्षेत्र में गांव गोहावर में दसवीं की छात्रा ने गुरुवार रात साथ सो रहीं दो सौतेली मासूम बहनों की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी किशोरी को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। दोहरे हत्याकांड को लेकर डीआईजी मुनीराज जी ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
सौतेली बहनों की हत्या: छात्रा बोली-मां बीमार, करना पड़ता था घर का पूरा काम; पापा भी बहनों से ही करते थे प्यार
नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव गोहावर निवासी मजदूर गुरुवारशाम ईंट भट्टे पर मजदूरी करने चला गया। घर पर उसकी पत्नी अपनी पांच बेटियों और डेढ़ साल के बेटे संग एक ही कमरे में सोई थी। रात में करीब सवा दस बजे उसकी बड़ी बेटी ने पास में सो रही छोटी बहन रितु उर्फ रिया (7) की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद पवित्रा (5) का भी गला घोंटकर मार डाला।
दोनों सौतेली बहन की हत्या करने के बाद आरोपी किशोरी घर से बाहर निकली और शोर मचा दिया। रात में ही एसपी नीरज कुमार जादौन, एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी, एएसपी देहात राम अर्ज मौके पर पहुंच गए और मामले में पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी किशोरी ने दो युवकों के घर में घुसकर हत्या करने की बात कही।
विद्या की कसम, पापा की कसम...मैने ही दोनों बहनों को मारा है। यह अल्फाज आरोपी किशोरी के पुलिस की पूछताछ के वक्त रहे। दरअसल, पुलिस को भी यह विश्वास नहीं हो रहा था कि आखिर इस उम्र में कोई लड़की अपनी छोटी बहनों को कैसे मार सकती है। वारदात का पूरा वाकया एक एककर आरोपी किशोरी ने पुलिस को सुना दिया।
पूलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी किशोरी के सौतेले पिता शाम को काम पर चले गए थे। उसके कुछ देर तक उसने फोन देखा। रात में करीब सवा दस बजे पास में ही उसकी बहन पवित्रा और रिया सोई हुई थी। तभी आरोपी किशोरी ने दुपट्टे से पहले रिया और फिर पवित्रा का गला घोंट दिया। इस वारदात ने दोनों मासूम उठ भी नहीं सकी और दम घुट गया। हालांकि पास में ही इनकी मां भी सोई हुई थी, जिसकी भी आंख नहीं खुली।
काम का बोझ और सौतेलेपन की बेबसी में दिया वारदात को अंजाम
बताया गया कि 11 साल पहले किशोरी की मां ने दूसरी शादी कर ली थी, उस वक्त आरोपी महज तीन साल की थी। अब दूसरे पिता से पांच बच्चे हुए। इसी बीच किशोरी को लगता था कि उसके सौतेले पिता अपने बच्चों से ज्यादा प्यार करते हैं। इसके साथ ही मां अक्सर बीमार रहती थी, ऐसे में काम के बोझ और छोटे बच्चों की देखभाल में बड़ी बेटी यानि आरोपी किशोरी लगी रहती थी। माना जा रहा है कि किशोरी ने इसी से परेशान होकर यह खौफनाक कदम उठा लिया।