बिजनौर। जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण सत्र और दूसरे चरण का शुभारंभ किया। उन्होंने फीता काटने के साथ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को गंभीरता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी से पूरा करने के निर्देश दिए। बताया कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और प्रशासनिक कार्यों की रूपरेखा तैयार होती है।
निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन में भी इन आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। भारत में पहली जनगणना 1872 में हुई थी। जनगणना 2027 देश की 16वीं और आजादी के बाद आठवीं जनगणना होगी। जिला जनगणना प्रभारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य पूरा किया जा चुका है। दूसरे चरण में 16 नवंबर से जनसंख्या की गणना होगी। 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना का अवसर रहेगा। इसमें करीब 40 सवालों के माध्यम से आवश्यक जानकारी ली जाएगी। बताया कि अभी फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ये आगे प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे। प्रशिक्षण के लिए पांच मास्टर ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं।