बरेली के थाना फरीदपुर क्षेत्र में अघोरी बाबा भूषणनाथ की हत्या के मामले का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी बाबा ओंकारनाथ को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस के मुताबिक श्मशान भूमि में बने काली माता मंदिर पर चढ़ावे के रुपये के बंटवारे को लेकर आरोपी नाराज रहता था। इसके कारण उसने सोमवार की रात सोते समय अघोरी बाबा की निर्मम हत्या कर दी थी।
फरीदपुर के मोहल्ला परा स्थित श्मशान भूमि में मंगलवार की सुबह अघोरी बाबा भूषणनाथ (65) का शव खून से लथपथ मिला था। घटना की जानकारी के बाद एसपी ग्रामीण राजकुमार अग्रवाल ने मौका मुआयना किया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड को बुलाया था। इस मामले में विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष सोमपाल राठौर ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट कराई थी।
2 of 5
श्मशान भूमि पर लगा काला माता मंदिर का बोर्ड
- फोटो : अमर उजाला
श्मशान भूमि के जिस हिस्से में भूषणनाथ रहते थे, उसमें काली माता का मंदिर है और वहीं उनका कमरा बना है। यहीं बड़ा बरामदा भी है, जिसमें दसवां संस्कार होते हैं। दीवार के दूसरी ओर अंत्येष्टि स्थल है, जहां ओंकारनाथ करीब 10 साल से झोपड़ी डालकर रहता है।
3 of 5
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक बटन व मिट्टी लगा सफेद अंगोछा मिला। पुलिस ने जांच की तो ओंकार नाथ के जो कपड़े धुले पड़े थे, उनमें एक कुर्ते का बटन टूटा मिला। मैच करने पर पता चला कि घटनास्थल पर मिला बटन उसी कुर्ते का है।
4 of 5
घटना की जानकारी करते पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
अघोरी भूषणनाथ काले कपड़े पहनते थे, जबकि घटनास्थल पर सफेद अंगोछा पड़ा था। शक के आधार पर पुलिस ने ओंकारनाथ को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह सटीक जवाब नहीं दे सका। तब उसे थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की गई।
5 of 5
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी ओंकारनाथ
- फोटो : अमर उजाला
पूछताछ में आरोपी ने सच उगल दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ओंकारनाथ काला माता मंदिर पर आने वाले चढ़ावे के बंटवारे के कारण भूषणनाथ से नाराज था। इसके कारण सोमवार रात उसने अघोरी बाबा भूषणनाथ की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।