पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गोवंश लगातार आम जनता के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं। आए दिन आवारा गोवंश जहां किसानों की फसलों को चट कर जाते हैं, वहीं आबादी में घूम रहे गोवंश लोगों को टक्कर मारकर मौत के घाट उतार रहे हैं। मंगलवार को भी बागपत जनपद में जहां एक गोवंश ने एक महिला की जान ले ली। वहीं कस्बा अमीनगर सराय के फव्वारा चौक पर एक सांड ने राहगीरों को जमकर दौड़ा लिया।
Baghpat: सांड की हरकत देख मची भगदड़, अटकी रह गईं लोगों की सांसें, कैमरे में कैद हुए कई खौफनाक सीन, देखें तस्वीरें
कस्बा अमीनगर सराय के फव्वारा चौक पर उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक निराश्रित गोवंश का सिर कूडे़दान में फंस गया। इस पर गोवंश ने कस्बे में जमकर उत्पात मचाया। इससे बाजार में हड़कंप मचा रहा। लोग इधर-उधर दौड़ते नजर आए। लोगों ने मशक्त कर सांड को पकड़ा और ग्राइंडर से कूड़ादान काटकर निकाला।
बताया कि निराश्रित गोवंश ने खाने के फेर में कूड़ेदान में अपना मुंह फंसा लिया। इसके बाद गोवंश ने कूड़ा दान ही उखाड़ डाला और फव्वारा चौक बाजार में उत्पाद मचाना शुरू कर दिया। गोवंश कूड़ेदान से अपना मुंह निकालने के लिए इधर-उधर भागता नजर आया। इससे फव्वारा चौक पर भगदड़ मच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों के साथ गोवंश के पांव में रस्सी डालकर उसे गिराया और रस्सी से बांध लिया। इसके बाद ग्राइंडर से कूड़ेदान को काटकर निकाला। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इसका वीडियो ट्विटर पर शेयर कर सरकार से कूड़ेदान की व्यवस्था में बदलाव की मांग की।
अखिलेश यादव ने कहा कि समय समय पर कूड़ेदानों की नियमित देखरेख हो और क्षतिग्रस्त होने पर उसको बदला जाए ताकि पशुओं या किसी व्यक्ति अथवा वाहन को दुघर्टनाग्रस्त होने से बचाया जा सके। दुघर्टनाग्रस्त पशुओं को तत्काल राहत प्रदान करने की अपील भी सरकार से की।