कोरोना के डर से शुक्रवार को प्रयागराज की शिया जामा मस्जिद समेत अन्य कई मस्जिदों में जुमे की नमाज निरस्त कर दी गई। मस्जिद आने की बजाए घरों से ही नमाज अदा की गई। शिया जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना हसन रजा जैदी ने कोरोना वायरस के कारण जुमे की अगली नमाज को भी मुल्तवी करने का फैसला किया। इसी तरह विशप राफी मंजली के निर्देश पर इस दिन गिरजाघरों में प्रार्थना सभाएं नहीं हुईं।
प्रयागराज में शिया जामा मस्जिद समेत कई जगह टली जुमे की नमाज, लेटे हनुमान मंदिर के कपाट भी बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इसी तरह करैली करामत चौकी की मस्जिद बीबी खदीजा में भी नमाज- ए-जुमा मौलाना रजी हैदर की कयादत में जुमे की नमाज अदा नहीं की गई। उम्मुल बनीन सोसाइटी के महासचिव सैयद मोहम्मद अस्करी के मुताबिक लखनऊ के शिया धर्मगुरु मौलाना कल्वे जव्वाद नकवी की पहल पर प्रयागराज के चक स्थित शिया जामा मस्जिद में मौलाना हसन रजा जैदी ने लोगों को संदेश भेजकर आगाह किया कि इस जुमा और अगले जुमा को जामा मस्जिद चक में बा-जमात नमाज नहीं अदा की जाएगी।
उन्होंने कोरोना वायरस के महामारी का रूप ले लेने को आधार मानते हुए लोगों से सतर्कता बरतने का भी आह्वान किया। इसी तरह कैथोलिक चर्च डायोसिस के विशप राफी मंजली और लखनऊ डायोसेशन के विशप पीटर बलदेव के निर्देश पर शुक्रवार को गिरजाघरों में प्रार्थना के लिए ईसाई समुदाय के लोग नहीं पहुंचे। इस दौरान पादरियों ने प्रभु यीशु की पूजा की रस्म अदायगी की और कोरोना वायरस के खात्मे के लिए प्रभु यीशु के दरबार में गुहार लगाई।
लेटे हनुमान मंदिर के कपाट हुए बंद
कोरोना वायरस के खौफ को देखते हुए शुक्रवार को संगम स्थित लेटे हनुमान के भी कपाट बंद कर दिए गए। मंदिर के महंत और अखि भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि महाराज की मौजूदगी मेंसविधि पूजा-आरती के बाद बड़े हनुमान के कपाट 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए।
महंत नरेंद्र गिरि ने बताया कि कोरोना वायरस से बचने के लिए मंदिर में भीड़भाड़ से परहेज करने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा मंदिर में पुजारियों व अन्य सेवादारों को भी सेनेटाइजर के इस्तेमाल के साथ ही साफ-सफाई रखने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है, ताकि बीमारी फैलने से रोका जा सके।