22 मार्च को जनता कर्फ्यू के बाद से लगे लॉकडाउन के बीच 59 दिन बाद शहर के बाजार की रौनक बुधवार को लौटी। तीन प्रमुख बाजार कटरा, सुलेम सराय (प्रीतमनगर, मुंडेरा, धूमनगंज) एवं सिविल लाइंस की तमाम दुकानों के शटर उठे तो कारोबारियों के चेहरे खिल गए।
प्रयागराज में 59 दिन बाद खुलीं दुकानें, खिल गए व्यापारियों के चेहरे, कुछ इस तरह दिखा शहर,
बंदी के 60वें दिन मुंह मीठा किया
शहर में 59 दिन की बंदी के बाद 60वें दिन मिठाई की दुकानें खुलीं तो लोगों से रहा नहीं गया। मिठाई खरीदी और रोक के बाद कुछ लोगों ने दुकान में ही मुंह मीठा किया। हालांकि, शहर के बड़े मिठाई के कारोबारियों ने सोशल डिस्टेंशिंग का पूरा ख्याल रखा। सिविल लाइंस स्थित कामधेनु स्वीट के अंदर किसी को प्रवेश ही नहीं करने दिया गया। इसके प्रोपराइटर इंदर मध्यान ने बताया कि जिला प्रशासन ने जो निर्देश दिया है, उसी का पालन किया गया।
इसी तरह कटरा स्थित नेतराम स्वीट्स में भी किसी को अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। इसके प्रोपराइटर मयंक अग्रवाल ने बताया कि बंदी की वजह से ज्यादातर कारीगर अपने घर चले गए। इसी वजह से बुधवार को सिर्फ काजू एवं सूखे मेवे की मिठाई बनाने के बाद उसकी बिक्री की गई। कारीगर आने के बाद जलेबी की बिक्री की जाएगी।
शोरूम की साफ सफाई में बीता ज्वैलरी कारोबारियों का दिन
चौक क्षेत्र के अलावा शहर के अन्य इलाकों में ज्वैलर्स कारोबारियों ने तकरीबन दो माह के बाद अपनी-अपनी दुकानें खोलीं। कई दिन बाद दुकान खोलने की वजह से कारोबारियों ने बुधवार को कारोबार की बजाय शोरूम एवं दुकान की साफ सफाई पर ही ध्यान दिया। इस बीच तमाम शोरूम पर इक्का दुक्का ग्राहक भी आए। मनमोहन ज्वेल्स सिविल लाइंस के नीरज मेहरोत्रा ने बताया कि कई दिन के बाद शोरूम खोलने का मौका मिला।
इस वजह से साफ सफाई की गई। दुकान में आने वाले हर एक ग्राहक का हाथ सैनिटाइज करने के बाद ही उन्हें दाखिल होने दिया गया। ऐसे ग्राहक जो बिना मास्क के आए उनके लिए मास्क भी मंगवाकर रखा गया। उधर, पीसी ज्वैलर्स के रितुराज ने बताया कि शाम चार बजे तक महज दो ही ग्राहक आए। सिसोदिया ज्वैलर्स के उत्कर्ष सिसोदिया ने बताया कि बुधवार को दुकान की साफ सफाई पर ही ध्यान रहा।
अधिकांश ग्राहकों ने एसी, कूलर ही खरीदा
करोड़ों रुपये का नुकसान झेल चुके शहर का इलेक्ट्रानिक्स बाजार बुधवार को खुला। केके सेल्स सिविल लाइंस के प्रोपराइटर केके श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को जो भी ग्राहक आए उन्होंने एसी, कूलर के बारे में ही पूछताछ की। कुछ ने एसी और कूलर खरीदे भी। जीरोरोड स्थित जीपीएचएस एजेंसी के प्रोपराइटर शशांक जैन ने बताया कि एसी, कूलर की ही पूछ रही।
आशा एंड कंपनी के प्रोपराइटर प्रवीन मालवीय ने बताया कि काफी दिन बाद शोरूम खुला। ग्राहकों को भी बिना मास्क के प्रवेश नहीं दिया गया। शोरूम पर सभी कर्मचारियों ने सामाजिक दूरी का पालन किया। मोबाइल की दुकानों पर भी ग्राहक पहुंचे। एमजी मार्ग स्थित विपिन इंटरप्राइजेज के विपिन गुप्ता ने कहा कि मोबाइल की दुकानें खोली जानी जरूरी थी। क्योंकि वर्तमान समय तमाम लोग वर्क फ्राम होम ही कर रहें है।