कुंभ के प्रथम मकर संक्रांति स्नान पर गंगा, यमुना, अदृश्य सरस्वती के संगम तट पर पुण्य की डुबकी लगाने के लिए सोमवार की शाम देश के कोने-कोने से आस्थावानों का रेला उमड़ पड़ा। मंगलवार की भोर में स्नान शुरू होते ही विश्व के सबसे बड़े सांस्कृतिक-आध्यात्मिक समागम के रूप में कुंभ मेला शुरू हो जाएगा।
मकर संक्रांति पर आस्था की डुबकी लगाने एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम तट पहुंचे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भगवान सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने के पुण्य पर्व पर संगम में गोता लगाने के लिए श्रद्धालुओं के संगम तट पर पहुंचने का सिलसिला देर रात तक निर्बाध गति से चलता रहा। अरैल से फाफामऊ के बीच बने 22 पांटून पुलों से होकर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिन भर गंगा के किनारों पर बसी तंबुओं की नगरी में पहुंचती रहीं। कुंभ मेला क्षेत्र में आसानी से पहुंचने के लिए चार पहिया, दो वाहनों का प्रवेश रविवार की रात को ही रोक दिया गया था।
सिर पर गठरी, कंधे पर झोला लिए लोग संगम जाने वाले मार्गों पर चंहुदिश उमड़ पड़े। कोई संतों के शिविरों में पहुंचा तो कोई कल्पवासियों, पुरोहितों के टेंट में। बड़ी तादाद में श्रद्धालु परेड की सड़कों के अलावा किला रोड से लेकर संत तट के दोनों किनारों की रेती पर जगह-जगह डेरा डाल दिए हैं। भोर में ही मकर संक्रांति स्नान शुरू हो जाएगा।
मकर संक्रांति पर स्नान के लिए संगम तट तक पहुंचने के लिए यातायात की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र के नजदीक बने 94 पार्किंग स्थलों पर पांच लाख से अधिक वाहनों की पार्किंग हो सकेगी। यातायात सुविधा के लिए पांच सौ से अधिक ई-रिक्शा और पांच सौ से शटल बसें चलाई गईं हैं, ताकि श्रद्धालुओं को संगम तक पहुंचने में आसानी हो सके।
5.50 किमी लंबे गंगा के दोनों तटों पर बने 35 स्नान घाट
पहली बार इस पर्व पर 5.50 किमी लंबे तटों पर 35 जगहों पर बने स्नान घाटों पर स्नान की व्यवस्था की गई है। मेला प्रशासन ने 1.50 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का अनुमान लगाया है।
संगम से शहर तक कड़ा सुरक्षा घेरा, संदिग्धों पर नजर
प्रयागराज। डीआईजी कुंभ कवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मकर संक्रांति स्नान पर्व पर संतों-भक्तों, पर्यटकों की सुरक्षा के लिए, पुलिस, पैरा मिलिट्री और होमगार्ड के 25 हजार से अधिक जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात कर दिए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है।
40 फायर स्टेशन बनाए गए
14 फायर चौकियां खोली गईं
53 फायर मोटरसाइकिल मोबाइल दस्ता तैनात
स्वच्छ कुंभ का देंगे संदेश
1.22 लाख इको फ्रैंडली शौचालय कुंभ मेला के 20 सेक्टरों में लगाए गए
17 हजार डस्टबीन में कूड़े किए जाएंगे एकत्र
1500 स्वच्छाग्रही भी कुंभ क्षेत्र में स्वच्छता का संदेश देने के लिए तैनात
मकर संक्रांति के प्रथम स्नान से दिव्य, भव्य और सुरक्षित कुंभ की शुरूआत हो जाएगी। इसके लिए मेला प्रशासन ने हर स्तर पर तैयारियां की हैं। कुंभ मेले में विश्व भर से आने वाले तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न होने पाए, इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। विजय किरन आनंद, कुंभ मेला अधिकारी