उम्मीदों का नया विहान शुक्रवार की सुबह हर दिल में खुशियों का खजाना लेकर आया। नए संकल्पों के साथ लोग आगे बढ़े। मंदिरों में पूजा-आरती की होड़ मची तो दूसरी ओर जुमा होने की वजह से मस्जिदों में भी नमाज से नए साल का आगाज नए साल का आगाज हुआ। कोरोना संक्रमण के बीच संघर्षों के साथ सपनों के पंख लगे। संगम की रेती पर अरुणोदय की लाली से निकली सूरज की पहली किरणों के साथ हजारों लोगों ने हाथ उठाकर हर हर महादेव और गंगा माता के जयकारों के साथ नए साल-2021 का अभिनंदन किया।
happy new year 2021 : उम्मीदों के नए विहान का चहुंदिश स्वागत, संगम से शहर तक जश्न
कहीं रंगोली तो कहीं फूलों के वंदनवार बनाए गए। फूलों, झालरों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से घर, प्रतिष्ठान और मंदिर सजाए गए। गुब्बारों से सजी नावों पर परिवार के सदस्यों, दोस्तों के साथ लोग पक्षियों को दाना चुगाते हुए त्रिवेणी की पावन धारा के बीच नए वर्ष की शुरुआत की। इसी तरह हर तरफ पार्कों, नदी तटों और रेती पर नव वर्ष की खुशियों को साझा करने लोग उमड़ पड़े। कोरोना संक्रमण की चुनौतियों से लड़ते हुए नए साल 2021 में प्रवेश करने के साथ ही शहरवासियों ने शुक्रवार को जगह-जगह रंगोलियों और फूलों से भव्य सजावट कर अपनी खुशियों का इजहार किया।
नव वर्ष की पूर्व संध्या पर तमाम इलाके में जश्न का माहौल रहा। संगम में डुबकी लगाने के बाद नव वर्ष के स्वागत में उमड़ी भीड़ ने रेती पर जमकर मस्ती की। कहीं कलश बनाए गए तो कहीं स्वास्तिक के प्रतीक के बीच 2021 की अल्पनाओं की सजावट कर अपनी भावना को लोगों ने प्रदर्शित किया। इस दौरान गीतों के बोल पर लोग थिरकते रहे और मन पसंद व्यंजनों का स्वाद भी लिया। मिंटो पार्क, कंपनी बाग, हाथी पार्क के अलावा शहर के अन्य पार्कों में तो नए साल का जश्न मनाने लोग पहुचे ही, अरैल घाट के साथ ही सड़कों के अलावा महर्षि महेश योगी आश्रम, चक्र माधव व त्रिवेणी पुष्प परिसर में भी भीड़ लगी रही।
बड़े हनुमान-वेणी माधव केदरबार से हुई नए साल की शुरुआत
नए साल की शुरुआत लोगों ने मंदिरों में पूजा पाठ के साथ की। इस दौरान शहर के प्रमुख मंदिरों में जहां खास सजावट की गई, वहीं विश्व मंगल की कामना से संगीतमय सुंदरकांड, हनुमान चालीसा और दुर्गाशप्तसती के पाठ भी किए गए। गिरजाघरों को भी भव्य सजाया गया। नए साल के प्रथम दिन संगम स्थित बड़े हनुमान मंदिर परिसर में तिल रखने की जगह नहीं बची। भोर से ही वहां आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। लंबी कतार में लग कर लोगों ने बड़े हनुमान के दरबार में हाजिरी लगाई। इसी तरह अलोपीबाग स्थित मां अलोप शंकरी, शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी, शक्तिपीठ मां ललिता देवी के दरबारों में नए वर्ष के प्रथम दिन दुर्गा शप्तसती के पाठ के साथ ही विविध अनुष्ठान किए गए। वेणी माधव मंदिर, मनकामेश्वर और सोमेश्वर महादेव मंदिरों में भी हाजिरी लगाने के लिए लोगों का तांता लगा रहा।
नए वर्ष पर आजाद पार्क में उमड़े शहरी, टिकटों की रिकार्ड बिक्री
कोरोना संक्रमण की भेंट चढ़ चुके बीते वर्ष के जाने की खुशी के साथ नए वर्ष के स्वागत को लेकर शहरियों में जबरदस्त उत्साह दिखा। दिन में गुनगुनी धूप ने भी भरपूर साथ दिया। नए वर्ष के पहले दिन मानो पूरा शहर ही पार्कों में पहुंच गया हो। इसका अनुमान इससे ही लगाया जा सकता है कि शुक्रवार को चंद्रशेखर आजाद पार्क में 38 हजार टिकट बिके। इससे पार्क प्रशासन को एक लाख 90 हजार रुपये की कमाई हुई।