इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में छात्र-छात्राओं ने दो माह पहले ही होली मना ली। कुलपति प्रो. आरएल हांगलू के इस्तीफे के बाद बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय परिसर में जश्न का माहौल दिखा। छात्रसंघ भवन के सामने और महिला छात्रावास परिसर के गेट पर छात्र-छात्राओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर अपनी खुशी का इजहार किया। साथ ही मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को बधाई दी। छात्रों ने प्रो. हांगलू के इस्तीफे को असत्य पर सत्य की जीत बताया। हालांकि, इस दौरान छात्रसंघ भवन के बाहर बवाल की आशंका के मद्देनजर बड़ी संख्या में फोर्स तैनात रही।
कुलपति के इस्तीफे से इविवि में जश्न, उड़े अबीर-गुलाल, छात्र बोले बर्खास्तगी पर होती ज्यादा खुशी
अर्से बाद सभी छात्र संगठन पार्टी लाइन से हटकर एक मंच पर नजर आए। इविवि छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित मिश्र, एबीवीपी के विक्रांत सिंह, आनंद सिंह, रजनीश सिंह रिशू, निवर्तमान महामंत्री शिवम सिंह, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ऋचा सिंह, समाजवादी छात्रसभा के अदील हमजा, अविनाश विद्यार्थी, निवर्तमान छात्रसंघ उपाध्यक्ष एवं एनएसयूआई कार्यकर्ता अखिलेश यादव, सत्यम कुशवाहा, अजय पांडेय समेत सैकड़ों की संख्या में छात्र सुबह छात्रसंघ भवन के सामने इकट्ठा हो गए। इस दौरान ढोल-नगाड़े के बीच सभी जमकर झूमे और एक-दूसरे को अबीर गुलाल से सराबोर कर दिया।
जश्न मनाने के बाद छात्र जुलूस की शक्ल में चीफ प्रॉक्टर कार्यालय पहुंचे और वहां चीफ प्रॉक्टर के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि, चीफ प्रॉक्टर वहां मौजूद नही थे। फिर सभी पीआरओ दफ्तर गए, लेकिन पीआरओ डॉ. चितरंजन सिंह भी कार्यालय में नहीं थे। डॉ. चितरंजन हिंदी विभाग में शिक्षक हैं, सो छात्राओं ने वहां जाकर भी पीआरओ के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कुलपति कार्यालय पहुंचे और वहां कुलपति एवं उनके करीबी अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की गई। उधर, महिला छात्रावास परिसर में भी छात्राओं ने कुलपति के जाने पर जश्न मनाया। इसके अलावा एनएसयूआई के प्रवेश प्रवक्ता निखिल श्रीवास्तव के नेतृत्व में एडीएसी एवं सीएमपी कॉलेज के छात्रों ने मिंटो पार्क में केक काटकर अपनी खुशी का इजहार किया।
बर्खास्तगी से छात्रों को होती ज्यादा खुशी
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं का मानना है कि कुलपति का इस्तीफा देना संतोषजनक रहा, लेकिन उनकी बर्खास्तगी होती तो छात्रों को ज्यादा खुशी होती। एबीवीपी ने पूर्व एमएचआरडी मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी समेत उन सभी लोगों का आभार जताया है जिन्होंने कुलपति के खिलाफ इस संघर्ष में साथ देकर इविवि की अस्मिता की रक्षा की।
बृहस्पतिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में एबीवीपी के पूर्व राष्ट्रीय मंत्री एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित मिश्र ने कहा कि प्रो. हांगलू के चार वर्ष का कार्यकाल अनियमितता, भ्रष्टाचार औश्र दुराचार की एक काली रात के रूप में याद किया जाएगा। उनके त्यागपत्र से पूरा विश्वविद्यालय परिवार हर्षित है। कुलपति के विरुद्ध विभिन्न छात्र संगठनों, वरिष्ठ अध्यापकों, पुरा छात्राओं और तमाम गणमान्य नागरिकों ने पिछले तीन वर्षों में हर स्तर पर व्यापक आंदोलन किया, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।