खागलपुर में हुई वारदात में पत्नी व तीन मासूमों का कत्ल करने वाले राहुल के सिर पर खून सवार था। उसने सभी को सोते वक्त मौत के घाट उतारा। बच्चों को जहां गला रेतकर मारा, वहीं पत्नी का गला रेतने के साथ ही उसके चेहरे पर भी वार किया था। हैवानियत का यह मंजर देख ग्रामीणों ही नहीं बल्कि पुलिसकर्मी भी स्तब्ध थे।
5 मर्डर केस : खागलपुर में हैवानियत का मंजर देख कांप गए कलेजे, बच्चों का रेता था गला
नवाबगंज का खागलपुर गांव प्रयागराज-लखनऊ हाईवे से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। गांव तक जाने के लिए संपर्क मार्ग बनाया गया है। यहीं पर बीएसएफ में तैनात सहायक कमांडेंट सुरेश शुक्ला ने मकान बनवाया है और इसी मकान में राहुल तिवारी अपने परिवार के साथ रहता था।
देर तक घर से कोई न निकलने से हुई शंका
मकान के पीछे ही संपर्क मार्ग से सटा हुआ दद्दू का मकान है जिसके परिवार का राहुल के परिवार से रोजाना मिलना जुलना था। दोनों परिवार के बच्चे एक साथ खेलते थे। दद्दू ने बताया कि आमतौर पर तड़के ही राहुल व उसका परिवार उठ जाया करता था। लेकिन शनिवार को काफी देर तक घर का कोई भी सदस्य बाहर नहीं निकला। 7.30 बजे के करीब उसकी मझली बेटी सुमन राहुल की बेटी पीहू को बुलाने पहुंची तो मुख्य द्वार पर लगा चैनल खुला हुआ था।
राहुल को फंदे से लटकते देख सन्न
कई बार आवाज लगाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो वह भीतर जाने लगी। उसने कुछ ही कदम बढ़ए थे कि आंगन में राहुल को फंदे पर लटका देख वह चीखते हुए बाहर की ओर भागी। बेटी की चीखने की आवाज सुनकर वह और परिवार के अन्य लोग पहुंचे तो सबसे पहले राहुल फांसी पर लटका दिखाई दिया। शोरगुल मचने पर आसपास के अन्य लोग आए और भीतर गए तो कमरे का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।
प्रीति और उसकी तीनों बेटियां बिस्तर पर खून से लथपथ मृत पड़ी थीं। तीनों बच्चों के शव चौकी पर जबकि प्रीति का शव चारपाई पर पड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्चों के गले पर गहरा जख्म था जबकि महिला के गले के साथ ही चेहरे पर भी चोट के निशान थे। मौके पर काफी खून भी बिखरा था। हालत यह थी कि खून के छींटे दीवारों पर भी पड़े थे। घटनास्थल व शवों की हालत देख ग्रामीण ही नहीं बल्कि पुलिसकर्मी भी स्तब्ध थे।
राहुल के हाथ और बनियान पर थे खून के छींटे
मृतक राहुल का शव आंगन में फंदे पर लटका था। फंदा छत पर लगे लोहे के जाल में साड़ी से बनाया गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आंगन में फोल्डिंग पलंग पड़ा था और इसकेऊपर प्लास्टिक की दो कुर्सियां भी रखी थीं। उसने बनियान व पैंट पहन रखी थी और उसके हाथों व बनियान पर खून के छींटे थे। पुलिस अफसरों का कहना है कि उसके शरीर पर अन्य किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले।
घर के सामने ही मिला कटवासा
घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुटी पुलिस को घर के सामने ही कटवासा पड़ा मिला। इसमें खून के धब्बे भी थे। मृतकों के घर के सामने ही खाली पड़ी जमीन के छोटे से हिस्से पर सब्जियां उगाई गईं थीं। कटवासा इसी जमीन पर मिला। माना जा रहा है महिला व बच्चों की हत्या में इसका इस्तेमाल किया गया।