कोरोना वायरस की दूसरी लहर में संक्रमण के बढ़ते प्रसार को रोकने के लिए पूरे प्रदेश में साप्ताहिक लॉकडाउन लागू है। इससे एक बार फिर जिंदगी ठहर गई है। आगरा और मथुरा में पुलिस को साप्ताहिक लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। रविवार सुबह से सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। सब्जीवाले भी कॉलोनियों में नहीं आए। मथुरा और वृंदावन के सभी मंदिरों के पट बंद हैं। नगर निगम की टीमें सैनिटाइजेशन अभियान में जुटी हुई हैं।
2 of 9
आगरा: पिनाहट कस्बा में बाजार बंद
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में साप्ताहिक लॉकडाउन में सख्ती का असर शहर से ग्रामीण क्षेत्र तक है। गांव-कस्बों में सभी बाजार बंद हैं। पिनाहट में पुलिस ने जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया और बेवजह बाहर निकले लोगों को चेतावनी देकर लौटाया। फतेहपुर सीकरी में पुलिस सख्ती बरत रही है। वहीं नगर पालिका के कर्मचारियों ने प्रमुख बाजारों में सैनिटाइजेशन अभियान चलाया।
3 of 9
मोती गंज में पसरा सन्नाटा
- फोटो : अमर उजाला
बात करें शहर की तो यहां आवश्यक सेवाओं को छोड़कर संपूर्ण तालाबंदी है। सभी बाजार बंद हैं। रविवार को कॉलोनियों में सब्जीवाले भी नहीं आए। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए जगह-जगह पुलिस तैनात है। लोगों से अपील की गई है कि वे घरों के अंदर ही रहें। नियमानुसार मेडिकल स्टोर खुले हैं, दूध की आपूर्ति भी सुचारू है।
4 of 9
वृंदावन की सड़क पर पसरा सन्नाटा
- फोटो : अमर उजाला
श्रद्धालुओं से गुलजार रहने वाली ब्रज की गलियां साप्ताहिक लॉकडाउन के कारण सुनसान हैं। मथुरा और वृंदावन के सभी मंदिरों के पट बंद हैं। हालांकि मंदिरों में ठाकुरजी की सेवा यथावत है। बाहरी श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं है। रविवार सुबह कुछ श्रद्धालु द्वारिकाधीश मंदिर पहुंचे। इन्हें लॉकडाउन का हवाला देकर वापस कर दिया गया।
5 of 9
वृंदावन: रमण रेती मार्ग पर सैनिटाइजेशन कार्य में जुटे नगर निगम के कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
साप्ताहिक लॉकडाउन के दौरान नगर निगम की ओर से सैनिटाइजेशन अभियान चलाया गया है। वृंदावन के रमण रेती मार्ग स्थित हनुमान टेकरी मंदिर और आसपास के स्थलों को सैनिटाइज किया गया है।