मार्च महीने में तीन दिन मुफ्त में ताजमहल का दीदार कर सकेंगे। यहां हर वर्ष होने वाले शाहजहां का तीन दिवसीय उर्स इस बार 21 मार्च से 23 मार्च तक होगा। इस दौरान ताज में पर्यटकों का प्रवेश निशुल्क रहेगा। साथ ही तहखाना में स्थित शाहजहां व मुमताज की असली कब्रों को भी देख सकेंगे। उर्स का मुख्य आकर्षण सर्वधर्म सद्भाव की प्रतीक सतरंगी चादर रहेगी।
2 of 5
ताजमहल
- फोटो : Amar Ujala
उत्तर प्रदेश अमन कमेटी के मुख्य संचालक सैय्यद मुनव्वर अली ने बताया कि भारतीय पुरात्व सर्वेक्षण (एएसआई) विभाग ने ताजमहल में होने वाले उर्स की अधिसूचना जारी कर दी है। उर्स की रूपरेखा तैयार करने के लिए उत्तर प्रदेश अमन कमेटी, शाहजहां उर्स कमेटी, रोजा-ए-खुद्दाम कमेटी, इस्लामिया लोकल एजेंसी और अंजुमन-ए-मोहम्मदिया कमेटी की संयुक्त बैठक बुलाई गई है।
3 of 5
फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहां के उर्स का आगाज 21 मार्च, 2020 को दोपहर को गुस्ल की रस्म के साथ होगा। उसी समय शाहजहां और मुमताज की भूमिगत कक्ष वाली असली कब्रों को खोला जाएगा। इसके बाद अजान होगी और फातिहा पढ़ी जाएगी। 22 मार्च को दोपहर दो बजे संदल चढ़ाया जाएगा। मिलाद-उन-नवी पढ़ा जाएगा। दोनों दिन ताजमहल बंद होने समय तक कव्वाली का दौर चलेगा।
4 of 5
ताजमहल
- फोटो : Amar Ujala
23 मार्च को सुबह कुल शरीफ के बाद कुरआन ख्वानी और फातिहा पढ़ा जाएगा। पूरे दिन चादरपोशी की जाएगी, जिसमें सतरंगी हिंदुस्तानी चादर भी पेश की जाएगी। शाम को ताज परिसर में लंगर बांटा जाएगा। उर्स के दौरान ताजमहल में पर्यटकों का प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। एएसआई ने इसकी सूचना जारी कर दी है।
5 of 5
ताजमहल में खूबसूरत नजारा
- फोटो : Amar Ujala
एएसआई की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार उर्स में कोई झंडा, बैनर, पोस्टर, किताब, 36 इंच से बड़ा ढोल, बैंड बाजा, लाइटर, चाकू आदि चीजें नहीं जाएंगी। उर्स के दौरान आने वाले जायरीनों की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के लिए जल्द ही निर्देश जारी किए जाएंगे।