उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में पटियाली-कायमगंज मार्ग पर अशोकपुर गांव के पास मंगलवार सुबह बोलेरो और ऑटो की भीषण टक्कर हो गई। दुर्घटना में ऑटो सवार 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि बोलेरो सवार नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ऑटो सवार कमलेश की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों में सात महिलाएं, दो बच्चे और ऑटो चालक शामिल है। इनमें पांच एक ही परिवार के लोग हैं। आरटीओ राजेश राजपूत की जांच रिपोर्ट के अनुसार हादसे का कारण बोलेरो चालक धीरेंद्र को नींद की झपकी आना है। पटियाली में आयोजित भोले बाबा के सत्संग में शामिल होने के लिए फर्रुखाबाद के नौ लोग बोलेरो से आ रहे थे, जबकि आटो सवार 11 लोग सत्संग में शामिल होकर फर्रुखाबाद लौट रहे थे। मंगलवार सुबह 9:30 बजे अशोकपुर गांव के पास ऑटो और बोलेरो आमने-सामने से टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो सवार सड़क पर काफी दूर-दूर तक जा गिरे। दो बच्चों समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
कासगंज सड़क हादसा: एक ही परिवार के पांच लोगों की गई जान, उपचार के दौरान दो और मौतें, मरने वालों की संख्या हुई दस
हादसे के बाद मौके पर अशोकपुर के गांव के लोगों और राहगीरों ने घायलों की मदद की। एंबुलेंस और प्राइवेट वाहनों से घायलों को पटियाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। ऑटो चालक व एक महिला की जिला अस्पताल में चिकित्सा के दौरान मौत हो गई। दो महिलाओं ने अलीगढ़ में दम तोड़ दिया। 10 लोग घायल हुए। इनमें से कुछ को जिला अस्पताल और कुछ को अलीगढ़ भेजा गया है।
दोनों वाहनों के सभी सवार फर्रुखाबाद जनपद के कायमगंज व आसपास के ग्रामीण इलाकों के रहने वाले हैं। मृतकों में रूपरानी एवं सुनीता शर्मा आपस में देवरानी जेठानी हैं। जबकि रूपरानी व गोपी का रिश्ता दादी नाती का है। वहीं मृतका मीना शर्मा व आरोही शर्मा आपस में नानी-धेवती हैं। डीएम हर्षिता माथुर, एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायलों व पीड़ितों के परिजन से जिला चिकित्सालय पहुंचकर हाल चाल जाना।
मृतकों की सूची
- रूपरानी (50) निवासी घसिया चिलोली करवा, थाना कायमगंज, जिला फर्रुखाबाद
- गोपी (9) पुत्र विमलेश शर्मा निवासी घसिया चिलोली करवा, थाना कायमगंज, जिला फर्रुखाबाद
- आरोही (7) पुत्री संजय निवासी पुरवा चौहान, थाना विधूना, जिला औरैया
- सुनीता शर्मा (45) निवासी घसिया चिलोली करवा, थाना कायमगंज, जिला फर्रुखाबाद
- नीरज देवी (48) निवासी घसिया चिलोली करवा, थाना कायमगंज, जिला फर्रुखाबाद
- कुसुमा देवी (57) निवासी घसिया चिरौली करवा, थाना कायमगंज, जनपद फर्रुखाबाद
- मीना देवी (45) पत्नी राकेश शर्मा निवासी घसिया चिरौली करवा, धाना कायमगंज, जिला फर्रुखाबाद।
- ऑटो चालक सरनाम (26) निवासी रायपुर, थाना कायमगंज, फर्रुखाबाद
- मंजू शर्मा (45) पत्नी राजेंद्र शर्मा निवासी घसिया, चिलौली, कायमगंज।
- किरन (42) पत्नी सुधीर निवासी मेहंदी बाग, कायमगंज, फर्रुखाबाद।
ये लोग हुए घायल
- बोलेरो चालक धीरेंद्र ठाकुर निवासी बदनपुर थाना राजेपुर जनपद फर्रुखाबाद।
- अमित निवासी नसरथपुर थाना कमालगंज जनपद फर्रुखाबाद।
- सुषमा, उसकी बेटियां आराध्या और आस्था निवासी नगला पाजवा, फर्रुखाबाद।
- दीपिका पत्नी अमित, निवासी नसरथपुर, थाना कमालगंज, फर्रुखाबाद।
- सुरजीत और उसका बेटा मंजीत, पत्नी श्रीदेवी निवासी पाजवा, फर्रुखाबाद ।
- कमलेश (ऑटो सवार) निवासी घसिया चिलौली, फर्रुखाबाद ।