जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आत्मघाती आंतकी हमले ने देश को झकझोर दिया है। हमले में सीआरपीएफ के 37 जवान शहीद हो गए हैं। इस घटना के बाद लोगों में गम और गुस्सा है। ब्रज में लोगों ने कैंडिल मार्च निकालकर शहीदों को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि दी। गुस्साए लोगों ने कई जगहों पर पाकिस्तान के पुतले फूंके। साथ ही सरकार से आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिरोजाबाद में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए हिंदू जागरण मंच ने गुरुवार की शाम कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान आतंकी हमले के विरोध में जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि आखिर कब तब हमारे जवान शहादत देते रहेंगे। मोदी सरकार को आतंकी हमले का पाकिस्तान को करारा जवाब देना चाहिए।
आत्मघाती आंतकी हमले के विरोध में एटा के माया पैलेस चौराहे पर हिंदू जागरण मंच के लोगों ने पाकिस्तान का पुतला फूंका। इसके बाद शहीद जवानों को नम आंखों से श्रद्धाजंलि अर्पित की, वहीं घटना के बाद शहर में पुलिस अलर्ट हो गई है।
आतंकी हमले को लेकर मथुरा और वृंदावन में भी खासा आक्रोश है। मथुरा में शहीदों के परिजन बोले कि चुन-चुनकर आंतकियों को मारा जाए। आंतकियों की पनाहगाह पाकिस्तान पर हमला करके आंतकियों के अड्डे ध्वस्त कर दिए जाएं।
वृंदावन के हरी निकुंज चौराहे पर युवाओं ने कैंडल मार्च निकालकर सैनिकों की शहादत नमन किया। इस दौरान युवाओं ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।