आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड में भर्ती पत्नी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी न मिलने पर भाजपा विधायक रामगोपाल पप्पू लोधी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सरकारी तंत्र पर लापरवाही करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी को न तो खाना मिल रहा है और न ही पानी। मुख्यमंत्री आम जनता तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन सरकारी तंत्र माननीयों के साथ भी गलत व्यवहार कर रहा है।
2 of 5
एसएन मेडिकल कॉलेज में खड़ी एंबुलेंस (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद जिले के जसराना से विधायक रामगोपाल पप्पू लोधी और उनकी पत्नी संध्या लोधी विगत दिनों कोरोना संक्रमित हो गए थे। इसके बाद दोनों को कोविड अस्पताल फिरोजाबाद में भर्ती कराया गया। शुक्रवार शाम संध्या लोधी की हालत बिगड़ी तो उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। हालांकि उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती होने के लिए आठ घंटे तक इंतजार करना पड़ा। आगरा के जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद विधायक की पत्नी को किसी तरह बेड तो मिल गया लेकिन ठीक से उपचार नहीं मिल पा रहा है।
3 of 5
विधायक रामगोपाल पप्पू लोधी
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल से घर पहुंचे भाजपा विधायक को पत्नी के स्वास्थ्य की चिंता सताने लगी है। विधायक का आरोप है कि वह पत्नी से बात करने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन अस्पताल प्रबंधन उनके स्वास्थ्य के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दे रहा है।
4 of 5
विधायक रामगोपाल पप्पू लोधी
- फोटो : अमर उजाला
रविवार को वीडियो जारी कर विधायक ने कहा कि उनकी पत्नी को न तो खाना मिल रहा है और न ही पीने को पानी। वीडियो में बोले कि प्रदेश के मुख्यमंत्री आम जनमानस के लिए रात में भी कार्य कर रहे हैं लेकिन अधिकारी और चिकित्सक व्यवस्था फेल करने में लगे हैं। जसराना विधायक द्वारा जारी किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
5 of 5
आगरा में कोरोना: एसएन मेडिकल कॉलेज का आइसोलेशन वार्ड
- फोटो : अमर उजाला
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने कहा कि विधायक की पत्नी को जिस समय फिरोजाबाद के हॉस्पिटल से एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया। उसी समय जिलाधिकारी का फोन मेरे पास आ गया था। विधायक ने भी मरीज के एसएन पहुंचने तक रास्ते में तीन बार बात की। चार वार्ड ब्वाय को लगा दिया गया था। कोविड हॉस्पिटल में बेड खाली कराकर विधायक की पत्नी को भर्ती कराया गया। शाम 7:30 बजे उन्हें भर्ती करा दिया गया। विधायक का वीडियो कॉल आने पर मरीज को दिखा भी दिया गया था। वह चाय पी रही थीं। लगातार मानीटरिंग की जा रही है।