हिमाचल में सोमवार रात से जारी भारी बारिश से मंगलवार को चार हाईवे समेत सौ से ज्यादा सड़कें बंद रहीं। चार मकान और दो गोशालाएं ढह गई हैं। कुल्लू की ऊझी घाटी में बागवानों ने सेब तुड़ान रोक दिया है।
राजधानी शिमला में नेशनल हाईवे 5 पर भट्ठाकुफर के पास मलबा गिरने से सेब से लदे सैकड़ों ट्रक पांच घंटे फंसे रहे। कांगड़ा में पठानकोट-मंडी सड़क मार्ग त्रिलोकपुर के पास बंद हो गया, जिसे देर शाम बहाल किया गया।
जिला मंडी में कलखर-जाहू सुपर हाईवे पटड़ीघाट के जखेड़ के पास सुबह 7 से 11 बजे तक बाधित रहा। ऊना में लठियाणी के समीप खूनी मोड़ पर चट्टानें गिरने से सुपर एक्सप्रेस हाईवे बाधित हो गया।
मंडी जिला के धर्मपुर क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से दो गोशालाओं और चार घरों को नुकसान पहुंचा है। हमीरपुर के भोरंज के ढयुंगली गांव में स्लेटपोश मकान गिर गया। उधर, मंडी के सियुण-बनांदर खड्ड में बीते शनिवार को बही महिला का शव मंगलवार को बरामद कर लिया गया। चार दिन से रेस्क्यू टीम शव को ढूंढने में लगी थी। महिला का शव श्मशानघाट के पास क्षत-विक्षत हालत में मिला है।
महिला की शिनाख्त कौशल्या बाई (25) निवासी दहिदां, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। चंबा में लाहडू-चंबा वाया ककीरा मार्ग नरोला के पास और चुवाड़ी-होबार मार्ग मतिहार के पास भारी भूस्खलन से बाधित हो गया। पवित्र मणिमहेश यात्रा के दौरान मंगलवार को भी रुक-रुक कर हल्की बारिश का क्रम जारी रहा।